यूपी : सावन के दूसरे सोमवार को शिवमय हुआ प्रदेश, मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़

प्रयागराज, 10 अगस्त . सावन महीने के दूसरे सोमवार को उत्तर प्रदेश के शिव मंदिरों में भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है. ब्रह्म मुहूर्त से ही शिवालयों के बाहर भक्तों और कांवड़ियों की लंबी-लंबी कतारें लगी हैं. “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारें लगाते हुए श्रद्धालु जलाभिषेक करने पहुंच रहे हैं.

प्रयागराज के ऐतिहासिक दशाश्वमेध और ब्रह्मेश्वर महादेव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है. भक्त भगवान शिव को गंगा जल अर्पित कर आशीर्वाद, समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना कर रहे हैं.

मंदिर के पुजारी सोम जी शास्त्री ने कहा, “इस जगह का मुख्य महत्व यह है कि प्राचीन काल में, भगवान ब्रह्मा ने सृष्टि की रचना शुरू करने से पहले यहां अश्वमेध यज्ञ किया था और ब्रह्मेश्वर महादेव की स्थापना की थी. यहां दो शिवलिंग हैं- दशाश्वमेध महादेव और ब्रह्मेश्वर महादेव. माना जाता है कि वर्तमान दशाश्वमेध महादेव स्वयंभू (स्वयं प्रकट हुए) हैं.”

एक भक्त ने कहा, “यह बहुत प्राचीन मंदिर है. यहां आने वाले सभी भक्त अनुशासन और श्रद्धा के साथ पूजा करते हैं. इस मंदिर का बहुत धार्मिक महत्व है और मान्यता है कि यहां मांगी गई मन्नतें जरूर पूरी होती हैं.”

गोंडा के ऐतिहासिक पृथ्वीनाथ मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था. हजारों भक्तों ने शिवलिंग पर जल अर्पित कर पूजा-अर्चना की. दर्शन के बाद लौट रहे एक भक्त ने कहा, “हमने दर्शन कर लिए हैं और अब घर लौट रहे हैं. भगवान शिव में हमारी अटूट आस्था है. भगवान सभी पर कृपा करें और बाकी लोगों के साथ-साथ मुझ पर भी कृपा बनाए रखें.”

कासगंज जिले के कछला घाट और सोरों जी लहर गंगा घाट पर भी सोमवार को लाखों कांवड़ियों की भीड़ देखी गई. घर लौटने से पहले भक्त यहां से पवित्र गंगा जल लेकर विभिन्न जिलों और राज्यों में स्थित शिव मंदिरों की ओर रवाना हुए. कई कांवड़िए कछला घाट से जल लेकर फिरोजाबाद की शिकोहाबाद तहसील में स्थित प्रसिद्ध बटेश्वर धाम के लिए पैदल रवाना हुए.

भक्तों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए थे. प्रमुख मार्गों पर चेकपॉइंट बनाए गए और पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई ताकि कांवड़ियों की यात्रा सुरक्षित और सुगम हो सके.

सीतापुर जिले में सावन के दूसरे सोमवार को बाबा श्यामनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए भक्तों की भारी भीड़ जुटी. मंदिर के बाहर घंटों लंबी कतारें लगीं और पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” के नारों से गूंजता रहा.

सीओ सिटी कपूर कुमार ने बताया, “सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. आज सावन का दूसरा सोमवार है और पहले सोमवार की तुलना में भक्तों की संख्या काफी बढ़ गई है. इसी को देखते हुए पुलिस की तैनाती भी बढ़ाई गई है. स्थानीय कोतवाली पुलिस के अलावा बाहर से अतिरिक्त फोर्स और पीएसी के जवान भी तैनात किए गए हैं ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और किसी को कोई परेशानी न हो.”

पीआईएम/एएस