भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने नेपाल के पीएम बालेन शाह से की मुलाकात, द्विपक्षीय संबंधों पर हुई चर्चा

नई द‍िल्‍ली, 10 अगस्त . भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने सोमवार को काठमांडू में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से मुलाकात की. इस दौरान दोनों पक्षों ने नेपाल-भारत संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की.

बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने नेपाल-भारत संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की. बातचीत में द्विपक्षीय मित्रता, साझा हितों, विकास सहयोग और दोनों देशों के बीच चल रहे सहयोग पर विशेष ध्यान दिया गया.

राजदूत श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री शाह को अपनी शुभकामनाएं दीं और भारत की ओर से नेपाल के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई.

राजदूत श्रीवास्तव ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पोस्‍ट पर ल‍िखा, ”सोमवार सुबह नेपाल के माननीय प्रधानमंत्री बालेन शाह से मिलकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं. प्रधानमंत्री मोदी की ओर से उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं. भारत और नेपाल के बीच मजबूत और बहुआयामी साझेदारी को और गहरा करने पर सार्थक और उपयोगी बातचीत हुई.

नेपाल न्यूज की र‍िपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री शाह ने दोनों पड़ोसी देशों के बीच ऐतिहासिक संबंधों को और गहरा करने की जरूरत पर जोर दिया. उन्होंने साझा हितों वाले क्षेत्रों में मिलकर काम करने के महत्व को भी रेखांकित किया.

करीब चार महीने पहले पद संभालने के बाद यह पहला अवसर है जब प्रधानमंत्री शाह ने किसी विदेशी राजनयिक के साथ आमने-सामने द्विपक्षीय बैठक की है. इससे पहले शाह राजदूतों के साथ अकेले मुलाकात करने के बजाय समूह में बातचीत को प्राथमिकता देते रहे थे और व्यक्तिगत बैठकों से दूरी बनाए रखी थी.

नेपाल न्यूज की र‍िपोर्ट के अनुसार, श्रीवास्तव के साथ बैठक के बाद प्रधानमंत्री शाह सोमवार को ही चीन के राजदूत झांग माओमिंग के साथ अलग से एक-से-एक चर्चा करने वाले हैं.

इससे पहले नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह को पद संभालने के बाद भारत की ओर से यात्रा का निमंत्रण दिया गया था. हालांकि अभी तक उनका भारत दौरा नहीं हो पाया है. आमतौर पर नेपाल के नए प्रधानमंत्री पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद भारत या चीन का दौरा करते रहे हैं.

एवाई/एएस