
रांची, 11 अगस्त . झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों पर सोमवार को हुए लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को राजधानी रांची में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बंद और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के विधानसभा घेराव का मिला-जुला असर देखने को मिला.
शहर के कई हिस्सों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया, जबकि एबीवीपी कार्यकर्ताओं को विधानसभा की ओर बढ़ने से पहले ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया. सुबह रांची के अधिकांश इलाकों में दुकानें खुली रहीं और छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही सामान्य रही. सुबह आठ बजे से ही भाजपा कार्यकर्ता अलग-अलग इलाकों में सड़कों पर उतरे और दुकानों को बंद कराना शुरू किया. कांके रोड, रातू रोड, हरमू चौक, अरगोड़ा चौक, बोड़ेया और सीएमपीडीआई गेट के पास कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम किया.
कई स्थानों पर टायर भी जलाए गए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम हटाया. नामकुम में सुबह करीब 11 बजे भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाजार चौक पर सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया और टायर जलाकर रांची-जमशेदपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. करीब साढ़े 11 बजे पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर सड़क खाली कराई. इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. लोवाडीह में भी भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक गोप के नेतृत्व में बंद कराया गया.
पुलिस के अनुसार, लोवाडीह से 11 और नामकुम से 17 बंद समर्थकों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया. फिलहाल सभी को थाने में रखा गया है. हालांकि, बंद का असर पूरे शहर में एक जैसा नहीं रहा. मेन रोड, बरियातू और मोरहाबादी सहित कई इलाकों में दुकानें खुली रहीं और वाहनों का आवागमन सामान्य रहा. इधर, जेपीएससी-जेएसएससी आंदोलन के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में एबीवीपी ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया था.
राज्यभर से पहुंचे एबीवीपी कार्यकर्ता पुराने विधानसभा परिसर के पास जुटे और सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे. पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई. बाद में पुलिस ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बस में बैठा दिया. कुछ छात्र नेता बस की छत पर चढ़कर नारेबाजी करते रहे. कुछ कार्यकर्ता बस के आगे और पीछे सड़क पर लेट गए.
–
एसएनसी/एएस