नेहरू परिवार ने देश बांटा, पीएम मोदी भारत माता का सम्मान कर रहे : धर्मशीला गुप्ता

नई दिल्ली, 11 अगस्त . हर घर तिरंगा अभियान और लाल किले पर पहली बार ‘वंदे मातरम’ के संपूर्ण गीत गाए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद धर्मशीला गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की. से बातचीत के दौरान धर्मशीला गुप्ता ने कहा कि पंडित नेहरू ने वोट बैंक के लिए ‘वंदे मातरम’ के सिर्फ दो पैराग्राफ गाने का फैसला लिया और नेहरू परिवार ने देश का बंटवारा कर पाकिस्तान बनाया.

भाजपा सांसद धर्मशीला गुप्ता ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी में देशभक्ति की भावना कूट-कूटकर भरी है. उनकी दूरदर्शी सोच राष्ट्र को बहुत आगे ले जाएगी. देशभक्ति की इसी भावना से उन्होंने कहा था, ‘हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा’, यानी तिरंगा सभी भारतीयों के दिलों में बसता है. हम विपक्ष की तरह देशविरोधी कामों में शामिल होने के बजाय देशहित की बात करेंगे और देशहित में काम करेंगे. इसलिए, देश और राष्ट्र के सम्मान के लिए, ये दो शब्द पूरे देश में देशभक्ति की भावना जगाने में बहुत जरूरी और मशहूर हैं.”

सांसद ने पहली बार लाल किले से ‘वंदे मातरम’ गाए जाने पर कहा, “हर भारतीय के लिए यह ऐतिहासिक दिन होगा. पीएम मोदी की दूरदर्शी सोच और भारत माता का सम्मान, राष्ट्रहित की भावना से जो 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा है, आजादी के बाद से पहली बार संपूर्ण ‘वंदे मातरम’ गाया जाएगा. यह भारत के लिए गौरव का क्षण होगा.”

भाजपा सांसद ने कहा कि हमारा भारत सनातन संस्कृति, सभ्यता का देश है, ये जो विरासत है, उसे पीएम मोदी आगे ला रहे हैं. जब पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने देश की बागडोर संभाली, तो उनके कैबिनेट ने कुछ समुदाय को खुश करने के लिए निर्णय लिया कि ‘वंदे मातरम’ का दो पैराग्राफ ही गाया जाएगा. नेहरू परिवार ने देश में विभाजन करने का काम किया. एक भाग जिन्ना को देकर पाकिस्तान बनाया, इस्लामिक देश बनाया और भारत को धर्मनिरपेक्ष देश बनाया, ताकि नेहरू परिवार की गद्दी बची रहे. ये भारत के लोगों के साथ अन्याय है.

कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा के बयान को लेकर भाजपा सांसद धर्मशीला गुप्ता ने कहा, “मुझे हैरानी है कि पवन खेड़ा जी ऐसा बोल रहे हैं. हमारे छात्र देश का भविष्य हैं. वे अपने लिए एक अच्छा भविष्य बनाने के लिए पढ़ते हैं. पवन खेड़ा जी युवाओं को बांटने और उनमें अशांति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं.”

केके/एबीएम