
मुंबई, 12 अगस्त . अभिनेता सनी देओल इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन में व्यस्त चल रहे हैं. बुधवार को उन्होंने बताया कि फिल्म के प्रमोशन के दौरान वे अमृतसर पार्टिशन म्यूजियम गए थे.
अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वे अपने बेटे करण के साथ नजर आ रहे हैं. अभिनेता ने इस वीडियो के जरिए बताया कि अमृतसर के म्यूजिम्यम में बंटवारे के समय की बहुत सारी कहानी देखने को मिली.
अभिनेता ने लिखा, “फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन के दौरान अमृतसर पार्टिशन म्यूजियम जाने का मौका मिला. वहां जाकर बंटवारे की ऐसी कई कहानियां जानने को मिलीं, जिनमें दर्द, हिम्मत, बिछड़ने और फिर से जीवन शुरू करने की बातें हैं. इन कहानियों को सुनकर एहसास होता है कि 1947 के बंटवारे ने लाखों लोगों की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी थी. इतिहास के कुछ पन्ने दर्द से भरे हैं लेकिन उन्हें याद रखना बहुत जरूरी है ताकि आने वाली पीढ़ियां शांति, इंसानियत और एकता की कीमत समझ सकें. वाहेगुरु सब पर अपनी मेहर बनाए रखें.”
हालांकि, अभिनेता की आगामी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ भी भारत-पाकिस्तान विभाजन पर आधारित कहानी को बयां करती हैं. इसके जरिए निर्देशक राजकुमार संतोषी ने विभाजन के समय की कहानी को बयां करने की कोशिश की है. फिल्म की कहानी एक ऐसे परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी जिंदगी देश के बंटवारे के दौरान हुई हिंसा, डर और जबरन पलायन से पूरी तरह बदल जाती है. कहानी में उन लोगों की परेशानी दिखाई गई है, जिन्हें अपने घर और अपनी पुरानी जिंदगी को छोड़कर दूसरी जगह जाने के लिए मजबूर होना पड़ा.
कहानी यह बताने की कोशिश करती है कि जब समाज में डर और हिंसा बढ़ रही थी, तब भी कुछ लोगों ने इंसानियत को सबसे ऊपर रखा. फिल्म के जरिए उस दौर की उम्मीद और लोगों के संघर्ष को भी सामने लाने की कोशिश की गई है.
‘बंटवारा 1947’ में सनी देओल के साथ शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, अली फजल और अभिमन्यु सिंह जैसे कलाकार नजर आएंगे. फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है. ‘बंटवारा 1947’ को दुनियाभर में 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है.
–
एनएस/पीएम