प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को मिलेगा संसद में 33 प्रतिशत आरक्षण : मोहन यादव

भोपाल 13 अगस्त मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को उनका अधिकार संसद में 33 प्रतिशत आरक्षण अवश्य मिलेगा . राजधानी भोपाल में विधानसभा परिसर में आयोजित “संसद यूथ पार्लियामेंट 2026” समारोह में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि इस आयोजन में ‘मिनी इंडिया’ की तस्वीर जीवंत दिखाई दे रही है. देश के 12 से अधिक राज्यों से आए 52 से अधिक युवा इस आयोजन में सहभागी बने और अपने विचार साझा किए.

स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर से ठीक पहले विधानसभा में आयोजित यह कार्यक्रम देश की विविधता, लोकतांत्रिक मूल्यों और युवाओं की ऊर्जा का सुंदर संगम प्रस्तुत कर रहा है. उन्होंने कहा कि संसद यूथ पार्लियामेंट 2026 समारोह में महिला सशक्तिकरण का सशक्त स्वरूप भी देखने को मिला. हमारी बहनों के 33 प्रतिशत आरक्षण का जो अधिकार अभी लंबित है, उसकी झलक भी इस आयोजन में दिखाई दी. मुझे विश्वास है कि आज नहीं तो कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी बहनों को उनका यह अधिकार अवश्य मिलेगा.

उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति मातृशक्ति को सर्वोच्च सम्मान देने वाली संस्कृति है. एक मां पूरे परिवार की सबसे मजबूत आधार होती है. दुनिया के 200 से अधिक देशों में भारत ही वह देश है, जहां हम गर्व से भारत माता की जय कहते हैं. यह हमारी संस्कृति में मां के महत्व को दर्शाता है. सच ही कहा गया है कि मां के बिना स्वयं भगवान भी अधूरे हैं. उन्होंने कहा कि आज जब हम स्कूल-कॉलेजों में विद्यार्थियों से पूछते हैं कि वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं, तो अधिकांश विद्यार्थी आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर या इंजीनियर बनने की बात करते हैं.

उन्होंने कहा कि बहुत कम युवा यह कहते हैं कि वे राजनीति में आकर देश और समाज की सेवा करना चाहते हैं. इसी तरह, किसान परिवार से आने वाला कोई युवा यह नहीं कहता कि वह एक आधुनिक और उन्नत किसान बनना चाहता है. व्यापारिक परिवार से आने वाले युवा भी कम ही कहते हैं कि वे आगे चलकर सफल उद्यमी या व्यापारी बनना चाहते हैं. आज का यह आयोजन युवाओं में ऐसी सोच और संभावनाओं को सामने लाने का एक अच्छा माध्यम है. इसी सोच के साथ हम देश में सृजन और विकास की नई दिशा तय कर सकते हैं. युवाओं की इच्छाशक्ति, भागीदारी और सकारात्मक सोच ही लोकतंत्र को मजबूत और जीवंत बनाएगी.

एसएनपी/पीएम