
मुंबई, 13 अगस्त . मुंबई में एक ऐसा गिरोह सक्रिय था, जो पिछले कई दिनों से सिलेंडर चोरी जैसी गतिविधियों में शामिल रहा. लेकिन, इस गिरोह की खास बात यह थी कि यह चोरी के लिए पुलिसकर्मियों के घरों को निशाना बनाते थे. यह गिरोह पहले पता करता था कि कहां पर पुलिसकर्मियों का परिवार निवास करता है और इसके बाद उनके घरों से सिलेंडर चोरी करता था.
सूत्रों के मुताबिक, मुंबई पुलिस आयुक्त कार्यालय और एलटी मार्ग पुलिस स्टेशन के बिल्कुल पास स्थित आवासीय परिसर में चोरों ने पुलिसकर्मियों के घरों से सिलेंडर चुराया. ये लोग अब तक पांच पुलिसकर्मियों के घरों से सिलेंडर चुरा चुके हैं. आजाद मैदान थाने में इस मामले में अज्ञात शख्स के खिलाफ केस दर्ज किया जा चुका है. अब पुलिस यह पता करने की कोशिश कर रही है कि आखिर इस गिरोह में कौन-कौन लोग शामिल थे. उनकी पृष्ठिभूमि कैसी थी और कैसे ये लोग पुलिसकर्मियों के घरों को चिन्हित करके उनके घरों से सिलेंडर चुरा लिया करते थे.
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता एलटी मार्ग स्थित रूम नंबर 4 की निवासी है और उसके पति वर्ष 2006 से मुंबई पुलिस में कार्यरत हैं. पुलिस में दी शिकायत में बताया कि उसके घर के पीछे एक छोटी सी खुली जगह है, जहां वे और उनके पड़ोसी सिलेंडर रखते हैं. 11 अगस्त की रात 12:30 बजे उन्होंने अपना खाली सिलेंडर वहीं रखा देखा था. अगली सुबह 6:00 बजे सिलेंडर अपनी जगह से गायब मिला.
पुलिस ने बताया कि इस गिरोह ने सबसे पहले पांच घरों को बनाया निशाना. शिकायतकर्ता ने बताया आसपास पूछताछ करने पर पता चला कि चोरों ने पड़ोसी के भी भरे हुए सिलेंडर चुरा लिए हैं.
हाई-सिक्योरिटी जोन माने जाने वाले पुलिस कमिश्नर ऑफिस के पास हुई इस चोरी के बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों का सुराग लगाने में जुटी है, ताकि चोरों की गतिविधियों के बारे में पूरी जानकारी जुटाई जा सके. साथ ही, यह भी पता लगाया जा सके कि क्या इससे पहले भी ये लोग इस तरह की घटना में भी संलिप्त तो नहीं थे.
–
एसएचके/पीएम