
लखनऊ, 13 अगस्त . राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के नवनियुक्त उत्तर प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने गुरुवार को लखनऊ का दौरा किया. उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि एनडीए गठबंधन में हम लोग एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं.
आरएलडी के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह का राजधानी लखनऊ पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया. उनके स्वागत में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए. बाद में ऐश्वर्य राज सिंह ने गांधी प्रतिमा पर पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की.
समाचार एजेंसी से बात करते हुए ऐश्वर्य राज सिंह ने कहा, “हम लोग चौधरी चरण सिंह की विचारधारा पर आधारित पार्टी हैं. हमारे यहां चौधरी अजीत सिंह के संघर्ष हैं और चौधरी जयंत सिंह का युवा नेतृत्व है. आने वाले समय में हम लोगों का प्रयास रहेगा कि हम लोगों को किसानों के साथ-साथ युवाओं को भी जोड़ना है, महिलाओं को भी जोड़ना है और हर वर्ग को जोड़ना है. हमारा प्रयास रहेगा कि एनडीए गठबंधन में हम लोग एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं. आने वाले समय में एनडीए की सरकार को फिर से पूर्ण बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में लेकर आएंगे.”
ऐश्वर्य राज सिंह ने कहा, “मुद्दाविहीन है विपक्ष. जहां तक आपने पीडीए की बात है तो बार-बार विपक्ष अपनी परिभाषा बदल रहा है. पहले परिभाषा उनकी पीडीए की कुछ और थी, अब उन्होंने पीडीए की परिभाषा अपनी बदल ली है. उनको पता ही नहीं है कि उनको करना क्या है, तो मैं उनके ऊपर मैं क्या टिप्पणी करूं.”
उन्होंने कहा कि विपक्ष पूरी तरह मुद्दाविहीन है. जिस तरह पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के किले को ढहाते हुए एनडीए गठबंधन की सरकार बनी, उसी तरह उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन को पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगा.
गौरतलब है कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) संगठन को मजबूत करने में जुटा है. वर्तमान में आरएलडी का भाजपा के साथ गठबंधन है. 2022 के विधानसभा चुनाव में लोकदल को 8 सीटों पर जीत मिली थी.
–
डीसीएच/