‘108 बेस हॉस्पिटल: उरी’ के जरिए पहली बार वर्दी पहनने का मौका मिला : गश्मीर महाजनी

मुंबई, 13 अगस्त . टेलीविजन इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता गश्मीर महाजनी जल्द ही टीवी शो ‘108 बेस हॉस्पिटल: उरी’ में नजर आएंगे. अभिनेता ने के साथ बातचीत में बताया कि इस शो के जरिए हमें पता चलेगा कि आर्मी वालों का काम उनकी पर्सनल लाइफ पर क्या असर डालता है और वे इससे कैसे डील करते हैं.

अभिनेता ने बताया, “मेरा मानना है कि इस तरह के शो टीवी पर पहली बार प्रसारित हो रहे हैं. सबसे जरूरी बात यह है कि यह एक आर्मी-बेस्ड शो है, जिसके जरिए मुझे पहली बार आर्मी ऑफिसर का रोल निभाने का मौका मिला. जिस लेवल पर शो बनाया गया है उसे देखकर मुझे लगा कि भले ही ये टेलीविजन के लिए बन रहा है लेकिन ये टेलीविजन की एक तरह से जीत है. इस शो के जरिए आर्मी के जवानों की पर्सनल लाइफ भी दिखाई जाएगी.

उन्होंने आगे शो की हल्की सी झलक देते हुए कहा, “इसकी कहानी 30 एपिसोड तक चलेगी, उसके बाद एक सीजन खत्म हो जाएगा. टेलीविजन पर ये बिल्कुल नया फॉर्मेट है. ये बहुत बड़े लेवल पर बनाया जा रहा है. अगर आप शो के टीजर और ट्रेलर देखेंगे तो लगेगा जैसे कोई फिल्म है. तो टेलीविजन पर आपको उसी लेवल का एंटरटेनमेंट देखने को मिलेगा. ये हर शनिवार और रविवार को आएगा.”

अभिनेता ने बताया कि जब उन्हें पता चला कि यह एक आर्मी शो हैं, तो उन्होंने शो के फौरन हां कर दिया था. उन्होंनें कहा, “आर्मी हमेशा मेरे दिल के करीब रही है और हमेशा से मेरी दिली इच्छा थी कि मैं एक दिन आर्मी अधिकारी का रोल अदा करूं. जब मुझे यह रोल मिला, तो मैंने स्क्रिप्ट पढ़ी और अपने कैरेक्टर को समझा. मुझे लगा कि रोल में बहुत इंडिविजुअलिटी और अपनी पहचान है. हमने यह शो अपने दिल से बनाया है. इसमें शामिल हर एक्टर और डायरेक्टर बहुत ईमानदार हैं.”

शो में अभिनेता गश्मीर महाजनी डॉक्टर मेजर अनिरुद्ध जायसवाल का मुख्य किरदार निभा रहे हैं. शो में उनके पेशेवर कॉम्बैट जीवन के साथ-साथ उनके व्यक्तिगत रिश्तों और पारिवारिक उथल-पुथल भी देखने को मिलेगा.

शो में अपने किरदार को लेकर अभिनेता ने कहा, “जैसा कि मैंने आपको बताया कि इसकी कहानी एक व्यक्ति की है, ऐसा नहीं है कि आर्मी में सिर्फ मिशन ही होते हैं. बेशक, मेरा किरदार आर्मी का है लेकिन शो में दर्शकों को उसकी निजी जिंदगी भी देखने को मिलेगी. इसमें आपको देखने को मिलेगा कि कैसे वह अपनी पर्सनल सिचुएशन से निपटता है.

अभिनेता ने बताया कि शो में अभिनेत्री एरिका फर्नांडिज भी देखने को मिलेगी. उन्होंने बताया, “यह एक एंटरटेनमेंट शो है, तो एक लव स्टोरी भी होगी. मुझे लगता है कि निखिल और आयुषी की भी एक लव स्टोरी है जबकि मेरे किरदार और एरिका के किरदार के बीच बहुत कुछ चल रहा है.”

एनएस/पीएम