
भोपाल, 13, अगस्त मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 231वीं पुण्यतिथि पर बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार जल्दी ही पाल-गड़रिया समाज के बोर्ड का गठन करेगी. राजधानी के रवींद्र भवन में आयोजित पुण्य स्मृति कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ करते हुए कहा कि राज्य में पाल-गड़रिया समाज के बोर्ड का गठन करेगी.
इस मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि पुण्य श्लोका लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर मालवा की ऐसी शासिका थीं, जिनके माध्यम से मध्यप्रदेश और देश गौरवान्वित होता है. उन्होंने अपने शासनकाल में सुशासन के प्रतिमान स्थापित किए थे. राज्य सरकार ने राजवाड़ा में कैबिनेट बैठक कर देवी अहिल्याबाई को स्मरण किया. वे सुशासन की प्रतिमूर्ति थीं.
उन्होंने कहा कि पुण्य श्लोका लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की सेवा, साधना, न्याय, त्याग सहित जीवन के प्रत्येक पक्ष के आधार पर सेवा, सुशासन, महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के साथ सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रही है. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मूलमंत्र के साथ कार्य कर रही है. पाल-गड़रिया समाज गोपाल कृष्ण के वंशज हैं.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शीघ्र ही पाल-गड़रिया समाज के बोर्ड का गठन करेगी, ताकि समाज के लोगों को समुचित प्रतिनिधित्व मिले. सरकार गड़रिया समाज के सुख-दुख और कल्याण के लिए सदैव तत्पर है. प्रदेश की आर्थिक समृद्धि के लिए दूध उत्पादन और पशुपालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है.
–
एसएनपी/पीएम