
मुंबई, 14 अगस्त . अभिनेता विशाल ने कैमरे के पीछे की अपनी पारी शुरू कर दी है. वह फिल्म ‘मगुडम’ के जरिए अपने 35 साल पुराने सपने के पूरा कर रहे है. दरअसल, वह तमिल-तेलुगु द्विभाषी इस फिल्म से पहली बार निर्देशन की दुनिया में कदम रख रहे है. फिल्म को लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए अपने संघर्ष, हिम्मत और दर्शकों के प्रति आभार जताया. विशाल ने कहा कि वह चाहे जितनी भी मुश्किलों का सामना करें, लेकिन कभी हार नहीं मानेंगे.
विशाल ने इंस्टाग्राम पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ”हां, मैं हार नहीं मानूंगा. कभी भी नहीं. मैं भगवान का बच्चा हूं. मेरे सामने जितनी ज्यादा चुनौतियां आएंगी, मैं उतनी ही मजबूती से ऊपर उठूंगा. मैं अपने काम को पूरी मेहनत, दृढ़ निश्चय और इच्छाशक्ति के साथ करता हूं, जिसके चलते मैं बिना किसी झिझक और शर्म के आईने में खुद को देख सकता हूं.”
विशाल ने अपने पोस्ट में कहा, ”एक अभिनेता के तौर पर मैं हमेशा अपने काम में जरूरत से ज्यादा मेहनत करने की कोशिश करता हूं, ताकि दर्शक खुश हो सकें. मैं दर्शकों को भगवान के बराबर मानता हूं, उन्होंने ही मुझे आज फिल्म इंडस्ट्री और समाज में नई पहचान दी है. मेरा 35 साल पुराना एक सपना सच हो गया है. इस फिल्म के साथ में आधिकारिक तौर पर निर्देशक बन गया हूं.”
विशाल ने आगे कहा, ”मैंने अपना काम पूरा कर दिया है और अब दर्शक पिछले 14 महीनों में मेरी पूरी टीम द्वारा तैयार की गई फिल्म देख सकेंगे. फिल्म अब रिलीज हो चुकी है. मैं निर्देशक के तौर पर अपने नए सफर को लेकर उत्साहित हूं.”
‘मगुडम’ को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से यू/ए सर्टिफिकेट मिल चुका है. फिल्म की शूटिंग इसी साल जून में पूरी हुई थी. शुरुआत में इसे जुलाई में सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी थी, लेकिन बाद में मेकर्स ने रिलीज को आगे बढ़ाकर 14 अगस्त कर दिया.
बता दें कि ‘मगुडम’ की शुरुआत में विशाल खुद इसके निर्देशक नहीं थे. फिल्म का निर्देशन शुरुआती दौर में जाने-माने निर्देशक रवि अरासु कर रहे थे. लेकिन बीच में निर्देशक और विशाल के बीच मतभेद हो गए, जिसके बाद रवि अरासु ने फिल्म से दूरी बना ली. इसके बाद विशाल ने खुद फिल्म की निर्देशन की जिम्मेदारी संभाल ली.
अब यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी हैं.
–
पीके/एएस