
मुंबई, 15 अगस्त . अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने शनिवार को सोशल मीडिया के जरिए अभिनेत्री रेखा के साथ एक मजेदार पल शेयर किया. इसमें अभिनेत्री पंकज त्रिपाठी की अंग्रेजी टीचर बनी नजर आ रही हैं.
इंडियन फिल्म फेस्टिवल मेलबर्न ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसे अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर भी शेयर किया. जारी किए गए वीडियो में अभिनेत्री रेखा, पंकज से कह रही हैं कि वो उनके पीछे-पीछे अंग्रेजी में जो वो बोलें उसे दोहराएं.
अभिनेत्री रेखा कहती हैं, “अभी मैं जो बोलूंगी, उसे पंकज जी आप अंग्रेजी में बोलिए.” फिर पंकज त्रिपाठी लाइन को दोहराते हुए कहते हैं, “मेलबर्न के सभी प्यारे लोगों को.” इसके बाद रेखा कहती हैं, “नहीं, इंग्लिश में. यहां आओ और कहो, मेलबर्न के सभी खूबसूरत लोगों को.”
पंकज त्रिपाठी मजाकिया अंदाज में कहते हैं, “मैम, मैं हिंदी मीडियम का स्टूडेंट हूं. मैं गलत बोल दूंगा.”
इसके बाद दोनों ने कहा, “मेलबर्न के सभी प्यारे लोगों को. बिजनेस जैसा कोई बिजनेस नहीं है तो हमारी दुनिया में आपका स्वागत है और हमें अपनी दुनिया में बुलाने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद. आपका बहुत-बहुत धन्यवाद. जल्द ही मिलते हैं. लव यू. जय हिंद.”
मेलबर्न का 17वां भारतीय फिल्म महोत्सव 13 से 23 अगस्त 2026 तक ऑस्ट्रेलिया में आयोजित किया जा रहा है. इस प्रतिष्ठित उत्सव में रेखा, रानी मुखर्जी और ऋषभ शेट्टी जैसे दिग्गज कलाकारों को उनके शानदार सिनेमाई योगदान के लिए विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है. वहीं, पंकज त्रिपाठी को उनके असाधारण योगदान और शानदार अभिनय सफर के लिए प्रतिष्ठित ‘आर्टिस्ट ऑफ डिस्टिंक्शन’ सम्मान से नवाजा गया. यह उनके करियर का पहला अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार और इस महोत्सव में उनकी पहली उपस्थिति है.
फेस्टिवल की खास इंडिपेंडेंस डे परंपरा के तहत, रेखा 15 अगस्त को मेलबर्न में भारतीय राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी. इस मौके पर भारतीय समुदाय के लोग, ऑस्ट्रेलियाई मेहमान, फिल्ममेकर, आर्टिस्ट और सिनेमा प्रेमी भी मौजूद रहेंगे. इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न 23 अगस्त को खत्म होगा.
–
एनएस/वीसी