
महासमुंद, 15 अगस्त . छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोमाखान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 23.270 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी और मोबाइल फोन समेत कुल 12 लाख 43 हजार 500 रुपए की संपत्ति जब्त की है.
पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. इसी दौरान कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर दो व्यक्ति बड़ी मात्रा में गांजा लेकर आ रहे हैं.
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम टेमरी जांच नाका पर घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू कर दी. कुछ समय बाद मुखबिर द्वारा बताई गई स्कूटी वहां पहुंची. पुलिस ने वाहन रोकने का संकेत दिया, लेकिन चालक स्कूटी को तेजी से भगाकर भागने लगा.
पुलिस टीम ने पीछा करते हुए ग्राम पटपरपाली ग्राम पंचायत के पास स्कूटी को रोक लिया. इस दौरान स्कूटी पर सवार एक व्यक्ति वाहन से कूदकर फरार हो गया, जबकि चालक को मौके पर पकड़ लिया गया.
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम अमित साहू (19 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर-5, राजा खरियार, थाना राजा खरियार, जिला नुआपाड़ा (ओडिशा) बताया, वहीं फरार आरोपी की पहचान शंकर यादव, निवासी सबरपाड़ा, राजा खरियार, जिला नुआपाड़ा (ओडिशा) के रूप में हुई है.
तलाशी के दौरान स्कूटी से एक बोरी में भरकर रखा गया 23.270 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे गांजा को बौद्ध (ओडिशा) से लाकर रायपुर (छत्तीसगढ़) में खपाने की तैयारी में थे.
पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 23.270 किलोग्राम अवैध गांजा, कीमत लगभग 11,63,000 रुपए, एक टीवीएस जुपिटर स्कूटी, कीमत 80,000 रुपए और एक मोबाइल फोन, कीमत 500 रुपए जब्त कर लिया है. कुल मिलाकर 12 लाख 43 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है.
पुलिस ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार आरोपी शंकर यादव की तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और मामले में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
–
एएमटी/डीकेपी