
वाशिंगटन, 15 अगस्त . अमेरिका में वर्जीनिया स्टेट यूनिवर्सिटी के हॉस्टल के बाहर शनिवार तड़के हुई गोलीबारी में 5 लोग घायल हो गए. इनमें से एक की हालत गंभीर है.
घटना के बाद कैंपस में लॉकडाउन लगा दिया गया और पुलिस कई संदिग्धों की तलाश कर रही है. कैंपस सेफ्टी अपडेट के मुताबिक, पुलिस को करीब 1:28 बजे (स्थानीय समय) बोइसो स्ट्रीट के 3300 ब्लॉक में बुलाया गया. वहां यूनिवर्सिटी के हॉस्टल के बाहर 5 लोग गोली लगने से घायल की स्थिति में मिले.
घायल सभी 5 लोगों को इलाके के अस्पतालों में भर्ती कराया गया. यूनिवर्सिटी ने बताया कि एक व्यक्ति की हालत गंभीर है, जबकि चार शख्स को हल्की चोटें आई हैं. शुरुआती अलर्ट में कहा गया था कि बोइसो स्ट्रीट और थर्ड एवेन्यू के पास क्वाड एनेक्स के इलाके में कई लोगों को गोली मारी गई है.
इसमें छात्रों और कर्मचारियों को उस क्षेत्र से दूर रहने और कानून प्रवर्तन अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया था. यूनिवर्सिटी ने पहले कहा था कि किसी की भी चोट अति गंभीर नहीं लग रही है. बाद में दिए गए अपडेट में बताया गया कि 5 पीड़ितों में से एक की हालत गंभीर है.
गोलीबारी की सूचना मिलने पर पुलिस के पहुंचने के बाद कैंपस को लॉकडाउन कर दिया गया था. बाद में लॉकडाउन हटा लिया गया, लेकिन यूनिवर्सिटी ने कहा कि जांच जारी रहने के कारण कैंपस में कानून प्रवर्तन अधिकारियों की भारी तैनाती अभी भी बनी हुई है.
चेस्टरफील्ड प्रांत पुलिस विभाग की क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन मेजर क्राइम्स यूनिट के लेफ्टिनेंट जेम्स आर. लैंब ने सीबीएस न्यूज को बताया कि पुलिस ने पुष्टि की है कि पीड़ितों में से एक छात्र था.
लैंब ने कहा कि जांचकर्ताओं का मानना है कि अन्य पीड़ित यूनिवर्सिटी के आसपास के इलाकों से हो सकते हैं. रिपोर्ट के अनुसार यह ड्राइव-बाय शूटिंग नहीं थी और पुलिस कई हमलावरों की तलाश कर रही है.
अधिकारियों ने अभी तक 5 पीड़ितों के नाम और उम्र से संबंधित कोई भी जानकारी साझा नहीं की है. उन्होंने संदिग्धों का कोई डिटेल्स भी नहीं दिया है और न ही यह बताया है कि गोलीबारी की वजह क्या रही होगी. चेस्टरफील्ड प्रांत पुलिस इस मामले की जांच का नेतृत्व कर रही है.
यह गोलीबारी तब हुई जब स्टूडेंट्स नए एकेडमिक ईयर के लिए कैंपस लौट रहे थे. रेजिडेंस हॉल एक हफ्ते पहले ही खुल गए थे और क्लास सोमवार से शुरू होने वाली थीं. आने वाले कई स्टूडेंट्स ने हाल ही में यूनिवर्सिटी का “न्यू ट्रोजन्स एक्सपीरियंस” प्रोग्राम पूरा किया था.
वर्जीनिया स्टेट यूनिवर्सिटी वर्जीनिया के रिचमंड से करीब 24 मील दक्षिण में एट्रिक में स्थित एक सार्वजनिक, ऐतिहासिक रूप से अश्वेत विश्वविद्यालय है. इसकी स्थापना 1882 में हुई थी. यह अश्वेत अमेरिकियों के लिए राज्य द्वारा पूरी तरह से वित्तपोषित पहला चार-वर्षीय उच्च शिक्षा संस्थान था. इसमें अभी लगभग 5,700 छात्र पढ़ते हैं.
–
केके/डीकेपी