
नई दिल्ली, 17 अगस्त . पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ पुलिस स्टेशन के पास एक तालाब के किनारे स्थित विदेशिनी होटल में लगी आग को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से दुख जाहिर किया गया. साथ ही, जिन लोगों ने इस हादसे में अपनी जान गंवाई, उनके प्रति भी संवेदना प्रकट की गई. इसके साथ ही मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक मदद की भी घोषणा की गई है.
पीएमओ ने अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हवाले से कहा, “पश्चिम बंगाल के बीरभूम में आग लगने की घटना में हुई मौतों के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं. घायल लोग जल्द स्वस्थ हों. स्थानीय प्रशासन इस घटना से प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है.”
पीएमओ ने यह भी जानकारी दी कि पीएम मोदी की ओर से पश्चिम बंगाल के बीरभूम में हुए हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएम राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 दिए जाएंगे. पीएमओ ने लिखा, “पश्चिम बंगाल के बीरभूम में हुए हादसे के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये देने की घोषणा की है.”
बता दें कि पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ से एक दर्दनाक खबर सामने आई, जहां तड़के करीब 4:30 बजे तारापीठ पुलिस स्टेशन के पास एक तालाब के किनारे स्थित विदेशिनी होटल में आग लग गई. इस आग में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग झुलस गए.
घटना की जानकारी दमकल विभाग को दी गई. मामले की जानकारी होते ही दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इस हादसे में कई लोग घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया.
–
एसएचके/एएस