महबूबा मुफ्ती के बयान पर भड़की भाजपा, अल्ताफ ठाकुर ने कहा- नया भारत देशविरोधी सोच बर्दाश्त नहीं करेगा

श्रीनगर, 17 अगस्त . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘दिमागी नक्सल’ वाली टिप्पणी पर पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती के पलटवार के बाद भाजपा ने कड़ा जवाब दिया है. भाजपा प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि महबूबा मुफ्ती का बयान ही साबित करता है कि उनका “दिमाग और जुबान नक्सलियों और पाकिस्तान समर्थकों जैसी है.”

दरअसल प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में कहा था कि “नक्सली दिमाग” को भारत में पनपने नहीं दिया जाएगा. इस पर महबूबा मुफ्ती ने कहा था कि वह आर्टिकल 370 का समर्थन करती हैं, इसलिए वह भी “दिमागी नक्सल” हैं.

भाजपा प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने से बातचीत में कहा, “महबूबा मुफ्ती तो नक्सली है ही. जिस तरह से वह बार बार देश के खिलाफ बोलती हैं, दहशतगर्दों का समर्थन करती है और पाकिस्तान की बात करती हैं, उससे साबित होता है कि वह नक्सली दिमाग वाली हैं.”

अल्ताफ ठाकुर ने कहा, “महबूबा जी यह ध्यान में रखिए, यह नया भारत है. यह वह पुराना भारत नहीं है जब यहां नक्सली भी थे, दहशतगर्दी भी थी और पाकिस्तान अंदर आकर हमें डराता था. यह वह भारत है जो अब पाकिस्तान के अंदर घुसकर मारता है जिसने नक्सल को खत्म किया, जिसे दहशतगर्द को खत्म किया, जिसने 370 को खत्म किया, जो दीवार बन बैठी थी, उसको खत्म किया.”

उन्होंने कहा कि “नक्सली और नक्सली दिमाग को खत्म करना हमारे लिए कोई बड़ी बात नहीं है. यह भारत है, अखंड भारत… जिसकी बात देश के प्रधानमंत्री करते हैं. इस भारत के साथ छेड़छाड़ और भारत की एकता और अखंडता को किसी को ठेस पहुंचाने की इजाजत नहीं दी जाएगी.”

भाजपा प्रवक्ता ने एआईसीसी मुख्यालय में ‘वंदे मातरम’ को लेकर हुए विवाद पर कांग्रेस को भी निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम’ सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि भारत की रूह है. उन्होंने कहा कि वंदे मातरम वही गीत है जो आजादी के मतवालों में नया जोश, जज्बा और जुनून भरता था. भारत की आजादी के लिए इस गीत को गाते-गाते बड़े लोगों ने कुर्बानी दी.

अल्ताफ ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा देश का अपमान किया है. चाहे राहुल गांधी हो, सोनिया गांधी हो या खड़गे हो, जिस तरह से उन्होंने अपमान किया है. देश इस अपमान को भूलेगा नहीं और कांग्रेस को बख्शेगा नहीं.

पीआईएम/वीसी