भोपाल : नशे में धुत कार सवार युवक ने स्कूटर को मारी टक्कर, पिता की मौत, बेटा गंभीर

भोपाल, 19 अगस्त . मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कोलार क्षेत्र में नशे में धुत एक युवक ने इनोवा कार से कई लोगों को टक्कर मार दी. इसी बीच, उसने स्कूटर चला रहे 35 वर्षीय व्यक्ति को भी अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे की वजह से उनकी मौत हो गई, तो वहीं उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया.

पुलिस के मुताबिक, यह हादसा मंगलवार की दरम्यानी रात को अंकित परिसर के पास हुआ, जब शुभम अवस्थी और उनका बेटा माधव स्कूटर से कहीं जा रहे थे.

कोलार पुलिस स्टेशन के एसएचओ संजय सोनी ने कहा कि हादसे के वक्त 21 वर्षीय वाहन चालक नशे में धुत था.

पुलिस के मुताबिक, स्कूटर में टक्कर मारने से पहले इस तेज रफ्तार गाड़ी ने सड़क पर मौजूद कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में स्कूटर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और पिता-पुत्र घटनास्थल से दूर जाकर गिरे.

पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अपने परिचित से पार्टी में जाने के लिए गाड़ी ली थी. गाड़ी से शराब की खाली बोतलें, डिस्पोजल कप और कंडोम भी बरामद हुए हैं. टक्कर के बाद वाहन के एयरबैग खुल गए. इस वजह से आरोपी को कोई गंभीर चोट नहीं आई.

इस हादसे की वजह से आसपास के लोग नाराज हो गए. उन्होंने बाद में आरोपी की पकड़कर पिटाई कर दी. इतना ही नहीं, इसके बाद भीड़ ने गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया.

पुलिस को जैसे ही इस घटना के बारे में जानकारी मिली, तो वो मौके पर पहुंची और ड्राइवर को आक्रोशित भीड़ से बचाया. इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया.

सोनी के मुताबिक, हादसे से संबंधित सूबतों की जांच की जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ हो रही है.

वहीं, गंभीर रूप से घायल शुभम अवस्थी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. इसके बाद शव उसके परिजनों को सौंप दिया जाएगा. उनके बेटे माधव को गंभीर चोट आई है, जिसका इलाज जारी है.

वहीं, पुलिस ने इस हादसे की जांच शुरू कर दी है, जिसके तहत यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह हादसा कैसे हुई.

एसएचके/एबीएम