
जमशेदपुर, 20 अगस्त . जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बाबूडीह में बुधवार देर रात तेज आवाज में बज रहे डीजे को बंद कराने पहुंची पुलिस टीम पर पथराव कर दिया गया. इस दौरान पुलिस वाहन में भी तोड़फोड़ की गई. घटना में एएसआई कृष्ण कुमार घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया.
पुलिस के अनुसार, डायल-112 पर बाबूडीह इलाके में तेज आवाज में डीजे बजाने और डांस करने की शिकायत मिली थी. शिकायत के बाद पुलिस टीम बुधवार रात करीब 12 बजे मौके पर पहुंची और डीजे बंद कराने को कहा. इसी दौरान कुछ युवक पुलिसकर्मियों से उलझ गए. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया.
आरोप है कि युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की कोशिश की. एएसआई कृष्ण कुमार का मोबाइल फोन छीन लिया गया. पुलिस के अनुसार, कुछ युवकों ने पुलिस की राइफल छीनने का भी प्रयास किया. इसके बाद मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस वाहन पर पथराव किया गया. वाहन में तोड़फोड़ भी की गई. स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित किया.
पुलिस ने मौके से पांच युवकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया. घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई. इधर, हिरासत में लिए गए युवकों के परिजन और कुछ बस्तीवासी सिदगोड़ा थाना पहुंचे. उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि हिरासत में लिए गए युवकों के साथ मारपीट की गई है. पुलिस ने इन आरोपों से संबंधित तथ्यों की भी जांच शुरू कर दी है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में पुलिस टीम पर हमला, सरकारी काम में बाधा डालने, पथराव और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ के आरोपों की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना में कितने लोग शामिल थे और पथराव तथा तोड़फोड़ में किसकी भूमिका रही.
–
एसएनसी/एसके