
कैनबरा, 20 अगस्त . ऑस्ट्रेलिया के तस्मानिया राज्य के तट के पास एक द्वीप पर 28 पेंगुइन मृत पाए गए हैं. अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि इन पक्षियों की मौत की जांच एच5एन1 एवियन इन्फ्लुएंजा वायरस की पुष्टि के लिए की जाएगी.
तस्मानिया के प्राकृतिक संसाधन और पर्यावरण विभाग ने बताया कि निगरानी टीमों को बुधवार को किंग आइलैंड पर 28 पेंगुइन और तीन ग्रेटर क्रेस्टेड टर्न पक्षी मृत मिले. यह द्वीप तस्मानिया के उत्तर-पश्चिमी तट से लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित है.
शिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, घटना नियंत्रण अधिकारी वेस फोर्ड ने कहा कि मृत पक्षियों के नमूने एच5एन1 वायरस की जांच के लिए भेज दिए गए हैं. उन्होंने बताया कि गुरुवार को इन पक्षियों को वहां से हटाया जाएगा, ताकि संक्रमण फैलने का खतरा कम किया जा सके.
फोर्ड ने कहा, “तस्मानिया के लोग यहां के वन्यजीवों, खासकर पेंगुइन, की बहुत परवाह करते हैं. इसलिए ऐसी खबरें समुदाय के लिए दुखद और परेशान करने वाली हो सकती हैं.”
तस्मानिया में इस खतरनाक वायरस का पहला मामला 13 अगस्त को सामने आया था. इससे लगभग दो महीने पहले जून में ऑस्ट्रेलिया की मुख्य भूमि पर इसकी पहली बार पुष्टि हुई थी.
फोर्ड ने बताया कि गुरुवार तक तस्मानिया में एच5एन1 के 11 मामलों की पुष्टि हो चुकी है. ये सभी मामले राज्य के उत्तर-पश्चिमी इलाके या किंग आइलैंड में पाए गए हैं.
उन्होंने कहा, “हमें उम्मीद है कि किंग आइलैंड, उत्तर-पश्चिमी तट और तस्मानिया के अन्य हिस्सों से बीमार और मृत पक्षियों की और भी रिपोर्टें मिलती रहेंगी.”
फोर्ड ने लोगों से अपील की कि वे अपनी बिल्लियों को घर के अंदर रखें और कुत्तों को बांधकर ही बाहर घुमाएं, ताकि उनके संक्रमित होने का खतरा कम हो. साथ ही उन्होंने लोगों को बीमार या मृत जानवरों के संपर्क में आने से बचने की सलाह दी.
ऑस्ट्रेलिया के संघीय कृषि, मत्स्य और वानिकी विभाग के अनुसार, 18 अगस्त तक देश के वन्यजीवों में एच5एन1 बर्ड फ्लू के 262 मामलों की पुष्टि हो चुकी है. हालांकि, अब तक पोल्ट्री फार्मों या कृषि क्षेत्र में इस वायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है.
–
एवाई/डीएससी