अखिलेश यादव से मिले संजय सिंह, बोले- सड़क से संसद तक लड़ेंगे हक की लड़ाई, 69 हजार शिक्षक भर्ती से आरक्षण तक

लखनऊ, 23 अगस्त . उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आरक्षण और पिछड़ों के अधिकार का मुद्दा एक बार फिर सियासी केंद्र में आता दिख रहा है. आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की.

मुलाकात के बाद संजय सिंह ने भाजपा पर आरक्षण को खत्म करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए कहा कि इसके खिलाफ सड़क से संसद और Supreme Court तक लड़ाई लड़ी जाएगी.

संजय सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए 69 हजार शिक्षक भर्ती मामले का भी जिक्र किया. उन्होंने आरोप लगाया कि योगी सरकार ने इस भर्ती में पिछड़ों के हक को मारा है. उन्होंने कहा कि संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए भाजपा के खिलाफ संघर्ष को तेज करना होगा.

संजय सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि संविधान और आरक्षण के लिए भाजपा सबसे बड़ा खतरा है. भाजपा ने आरक्षण खत्म करने को लेकर फिर से मुहिम तेज कर दी है. इस कोशिश को नाकाम करना ही होगा. 69 हजार शिक्षक भर्ती में योगी सरकार ने पिछड़ों का हक मारा है. सड़क से लेकर संसद और Supreme Court तक उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ी जाएगी. ऐसे तमाम मुद्दों पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से विस्तार पूर्वक चर्चा हुई.

संजय सिंह और अखिलेश यादव की यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल सामाजिक समीकरण साधने में जुटे हैं. आरक्षण, संविधान और पिछड़ों के अधिकार जैसे मुद्दों को लेकर विपक्ष लगातार भाजपा सरकार को घेर रहा है.

दरअसल, आरक्षण का मुद्दा इन दिनों एक बार फिर सियासी और सामाजिक बहस के केंद्र में है. एक ओर आरक्षण व्यवस्था में समानता और आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग को लेकर सवर्ण समाज से जुड़े संगठन सड़को पर नजर आ रहे हैं. वहीं, दूसरी ओर विपक्षी दल आरक्षण और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर लगातार भाजपा सरकार को घेर रहे हैं. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती भी आरक्षण को लेकर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे चुकी हैं.

विकेटी/डीकेपी