
नई दिल्ली, 29 अगस्त . यूएस ओपन का मेन ड्रॉ रविवार से शुरू होने वाला है, लेकिन खिलाड़ियों ने न्यूयॉर्क में गांजे की बदबू को लेकर शिकायतें की हैं. न्यूयॉर्क में 21 साल या उससे ज्यादा उम्र के वयस्कों के लिए गांजा पीना और रखना वैध है.
ब्रिटेन की नंबर 1 खिलाड़ी केटी बोल्टर उन लोगों में शामिल थीं जिन्होंने इस बदबू के खिलाफ आवाज उठाई. यह बदबू पास के कोरोना पार्क से कुछ बाहरी कोर्ट तक आती है. दुनिया की 60वें नंबर की खिलाड़ी बोल्टर, अमेरिका की वाइल्डकार्ड कैरोल यंग सुह ली के खिलाफ अपना अभियान शुरू करने के लिए तैयार हैं. उन्होंने कहा कि प्रैक्टिस सेशन के दौरान उन्हें गांजे की बदबू बहुत ज्यादा आती है.
बोल्टर ने कहा, “मुझे यह बिल्कुल पसंद नहीं है. मुझे पता है कि कई खिलाड़ियों ने कुछ खास कोर्ट पर इसकी शिकायत की है. मैंने भी पहले एक कोर्ट पर खेला है और मैच के दौरान मुझे इसकी बदबू आई थी. मैं नहीं चाहूंगी कि मैच के बीच में मुझे ऐसी बदबू आए.”
उन्होंने आगे कहा, “मैं फोकस करने की कोशिश कर रही होती हूं और जाहिर है कि यह आपको उस पल से बाहर ले आता है, और आप ऐसा बिल्कुल नहीं चाहते. आपको ध्यान भटकाने वाली चीजों की जरूरत नहीं होती. तो हां, मुझे यह बिल्कुल पसंद नहीं आया.”
ब्रिटेन के और भी खिलाड़ियों ने गांजे की बदबू की शिकायत की, जिनमें फ्रैन जोन्स और हैरियट डार्ट भी शामिल हैं. जोन्स ने कहा, “पिछले साल मैंने अपने पहले राउंड में इस बारे में मजाक किया था और उस व्यक्ति से पूछा था, ‘क्या यह सामान्य है?’ क्योंकि मैं स्टेडियम में थी और वह पार्क के बगल में है. उसने कहा, ‘हां.’ और मैंने कहा: ‘अच्छा, तो इसीलिए मैं इतना अच्छा खेल रही हूं.’ इस साल मैं खुद से कहूंगी ‘नहीं, फोकस करो, फोकस करो.” जोन्स पोलैंड की मैग्डा लिनेट के खिलाफ अपना अभियान शुरू करने के लिए तैयार हैं. डार्ट ने कहा, “यह न्यूयॉर्क है, इसलिए ऐसी चीजें यहां आम हैं. सच कहूं तो, आप दुनिया में कहीं भी जाएं, यह हर जगह देखने को मिलता है. अब हालात जैसे हैं, वैसे हैं. यह सिर्फ मेरे लिए नहीं, बल्कि सभी खिलाड़ियों के लिए एक जैसा है.”
इस बीच, यूएस ओपन के आयोजक, यूनाइटेड स्टेट्स टेनिस एसोसिएशन (यूएसटीए) ने कहा कि वे इस मामले को लेकर सतर्क हैं. यूएसटीए ने एक बयान में कहा, “हालांकि हम यूएसटीए बिली जीन किंग नेशनल टेनिस सेंटर के बाहर होने वाली चीजों को कंट्रोल नहीं कर सकते, लेकिन हम इस मामले पर सतर्क बने हुए हैं.”
यह पहला साल नहीं है जब खिलाड़ियों ने इस मुद्दे पर आवाज उठाई है. पिछले साल दुनिया के 20वें नंबर के खिलाड़ी कैस्पर रूड ने कहा था कि न्यूयॉर्क के बारे में सबसे बुरी चीज वहां की बदबू है. इससे पहले 2022 में ऑस्ट्रेलिया के निक किर्गियोस ने शिकायत की थी कि कोर्ट के पास किसी फैन के स्मोकिंग करने से उन्हें अस्थमा का दौरा पड़ गया था. ग्रीस की टेनिस स्टार मारिया सकारी ने भी 2023 यूएस ओपन के दौरान शिकायत की थी कि उन्हें अपने मैच के दौरान कैनबिस (गांजे) की बदबू आ रही थी.
–
एसएम/डीकेपी