
लुधियाना, 1 सितंबर . नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नील समराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-18 लड़कों की 100 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीता. मंगलवार को पंजाब के लुधियाना में आयोजित प्रतियोगिता में नील ने 10.46 सेकंड का समय लेकर नया मीट और नेशनल रिकॉर्ड बनाया.
तमिलनाडु के 17 वर्षीय नील ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिस्पर्धियों को काफी पीछे छोड़ दिया. नील समराज का 10.46 सेकंड का विनिंग टाइम, 2023 में कोयंबटूर (तमिलनाडु) में अंशु रजक द्वारा बनाए गए 10.63 सेकंड के पिछले नेशनल रिकॉर्ड से बेहतर था. 10.68 सेकंड का मीट रिकॉर्ड पार्थ सिंह के नाम था, जो 2024 में बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश) में बना था.
गुरु नानक स्टेडियम में तीन दिन तक चलने वाली अंडर-18 प्रतियोगिता के पहले दिन तमिलनाडु के स्प्रिंटर्स छाए रहे. उन्होंने पुरुषों और महिलाओं के वर्गों में 100 मीटर दौड़ के मीट रिकॉर्ड तोड़े. यह प्रतियोगिता गुरुवार (3 सितंबर) को समाप्त होगी.
तमिलनाडु की टी. मृथिका ने महिलाओं की 100 मीटर दौड़ की फिनिश लाइन पार करते ही खुशी से हाथ ऊपर उठाए. गोल्ड मेडल जीतने के दौरान उन्होंने 11.78 सेकंड का समय लिया, जो 2012 में बेंगलुरु में दुती चंद द्वारा बनाए गए 11.80 सेकंड के पिछले मीट रिकॉर्ड से बेहतर था.
फाइनल में मृथिका एकमात्र ऐसी स्प्रिंटर थीं जिन्होंने 12 सेकंड का बैरियर तोड़ा. कर्नाटक की सुचित्रा एस. ने 12.03 सेकंड का समय लेकर सिल्वर मेडल जीता और महाराष्ट्र की सावरी कुलकर्णी को पीछे छोड़ दिया. सावरी ने ब्रॉन्ज मेडल के लिए 12.09 सेकंड का समय लिया. तीन दिन तक चलने वाले इस इवेंट में सुबह और दोपहर के सेशन में कई तरह के कॉम्पिटिशन हो रहे हैं. इनमें अंडर-18 यूथ पुरुष और महिला कैटेगरी में स्प्रिंट, मिडिल डिस्टेंस, हर्डल्स, रेस वॉक, जंप, थ्रो, हेप्टाथलॉन और मेडले रिले जैसे इवेंट शामिल हैं.
ऑटोमैटिक क्वालिफिकेशन स्टैंडर्ड इस प्रकार हैं: अंडर-18 यूथ पुरुषों के लिए लॉन्ग जंप 7.00 मीटर, हाई जंप 1.95 मीटर, शॉट पुट 16.70 मीटर, डिस्कस थ्रो 50.50 मीटर और जैवलिन थ्रो 63.00 मीटर; और अंडर-18 यूथ महिलाओं के लिए लॉन्ग जंप 5.40 मीटर.
नतीजे:
पुरुष:
100 मीटर: नील समराज आर (तमिलनाडु) 10.46 सेकंड (नेशनल रिकॉर्ड, पिछला बेस्ट 10.63 सेकंड), मेहेबुबुल अहमद (पश्चिम बंगाल) 10.74 सेकंड, पुष्पेंद्र कुमार (दिल्ली) 10.81 सेकंड.
महिलाएं:
100 मीटर: टी मृथिका (तमिलनाडु) 11.78 सेकंड (एनएमआर, पिछला बेस्ट 11.80 सेकंड), सुचित्रा एस (कर्नाटक) 12.03 सेकंड, सावरी कुलकर्णी (महाराष्ट्र) 12.09 सेकंड.
डिस्कस थ्रो: ओशिन (हरियाणा) 45.98 मीटर, डिंपी सैनी (उत्तर प्रदेश) 43.22 मीटर, मानसी डांगी (हरियाणा) 43.09 मीटर.
–
आरएसजी