ग्रेटर नोएडा: 10 हजार रुपए का इनामी बदमाश गिरफ्तार, एक साल से था फरार

ग्रेटर नोएडा, 3 सितंबर . ग्रेटर नोएडा के थाने दनकौर की पुलिस ने गोवंशीय पशुओं के वध के मामले में करीब एक साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान नईम पुत्र करमइलाही, निवासी मोहल्ला मनिहारन वाली गली, कस्बा व थाना मुरादनगर, जनपद गाजियाबाद, उम्र करीब 32 वर्ष के रूप में हुई है.

आरोपी के खिलाफ गौकशी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर मामले विभिन्न थानों में दर्ज बताए गए हैं. पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2025 को थाना दनकौर में एक शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था. शिकायत में बताया गया था कि चपरगढ़-ऐच्छेजा के जंगल में अज्ञात लोगों द्वारा दो गोवंशीय पशुओं का वध किया गया है. मामले में थाना दनकौर पर पशु क्रूरता अधिनियम और धारा 3/8 गौवध अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था.

विवेचना के दौरान आरोपी नईम का नाम प्रकाश में आया और वह तभी से फरार चल रहा था. पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी. इसी क्रम में 3 सितंबर को दनकौर पुलिस ने मुखबिर की सूचना और अन्य माध्यमों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी नईम को मुरादनगर-मेरठ-दिल्ली रोड पर रावली रोड तिराहे से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक आरोपी एक वर्ष से गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था.

पुलिस ने बताया कि इसी मुकदमे में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा चुकी है. राजा पुत्र हाकमीन, निवासी ग्राम शेखपुर खिचरा, थाना धौलाना, जनपद हापुड़ को 10 अक्टूबर 2025 को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. वहीं, 30 अगस्त 2026 को आसिफ पुत्र अब्दुल हसन उर्फ चुन्ना, निवासी ग्राम सालेपुर कोटला, थाना कपूरपुर, जनपद हापुड़, उम्र करीब 34 वर्ष को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.

पुलिस के अनुसार नईम का आपराधिक इतिहास भी लंबा है. उसके खिलाफ थाना मुरादनगर, हापुड़नगर और दनकौर समेत विभिन्न थानों में कुल 11 मुकदमों का विवरण सामने आया है. इनमें गौवध निवारण अधिनियम, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं.

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2018 में थाना मुरादनगर में गोवध निवारण अधिनियम और पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ था. इसके बाद वर्ष 2019 में भी गौवध निवारण अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मुकदमे दर्ज हुए. वर्ष 2020 में गैंगस्टर एक्ट तथा पशु क्रूरता अधिनियम से जुड़े मामले सामने आए. वर्ष 2021 में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और गौहत्या निवारण अधिनियम के तहत भी मुकदमे दर्ज किए गए.

इसके अलावा वर्ष 2023 में थाना हापुड़नगर में आर्म्स एक्ट और गौवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ. इसी वर्ष गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी. दनकौर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस अब आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और उसके साथ जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है.

पीकेटी/डीकेपी