
मुर्शिदाबाद, 6 सितंबर . रविवार सुबह 5 बजे मुर्शिदाबाद के अहरन गंगा घाट पर दुनिया की सबसे लंबी स्विमिंग कॉम्पिटिशन (तैराकी प्रतियोगिता) हुई. इस प्रतियोगिता में बांग्लादेश और देश के कई राज्यों के 27 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. 81 किलोमीटर का यह दुनिया का सबसे लंबा स्विमिंग कॉम्पिटिशन देखने लायक था. प्रतिभागियों ने गंगा में तैरते हुए मुर्शिदाबाद के बरहमपुर में अपना कॉम्पिटिशन खत्म किया.
मुंबई की प्रतिभागी सान्वी ने कहा, “मैंने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए 13-14 घंटे अभ्यास किया. मैंने इस प्रतियोगिता में प्रथम रहने के उद्देश्य से हिस्सा लिया था.”
81 किलोमीटर स्विमिंग कॉम्पिटिशन में हिस्सा लेने वाली दो 13 साल की प्रतिभागी रिद्धि भोर और त्रिशा वर्मा ने कहा, “हमने महाराष्ट्र से हिस्सा लिया और 81 किलोमीटर पूरा करके सभी पुरुष प्रतिभागियों को हराकर आगे बढ़ने की कोशिश करेंगी.
महाराष्ट्र के 14 साल के अर्नब खान ने कहा, “मेरी जिंदगी का यह सबसे बड़ा कॉम्पिटिशन है. मैं थोड़ा नर्वस हूं लेकिन इसे पूरा करूंगा.”
वह गणपति बप्पा मोरिया का उद्घोष करते हुए प्रतियोगिता में शामिल हुए.
जंगीपुर एमएलए चित्ता मुखर्जी ने कहा, “बहुत अच्छा कार्यक्रम है. बांग्लादेश से भी बहुत से लोगों ने हिस्सा लिया. बहुत से लोग इसलिए नहीं आ पाए क्योंकि उन्हें वीजा नहीं मिला. मुझे उम्मीद है कि सभी लोग यह प्रतियोगिता सुरक्षित रूप से संपन्न करेंगे.”
बांग्लादेशी प्रतिभागी शाहिद ने कहा, “भारत आने के पर अच्छी तरह स्वागत किया गया. उम्मीद है ऐसा आगे भी सभी के साथ होता रहेगा.”
उन्होंने कहा कि 81 किलोमीटर की रेस में तीन प्रतिभागियों और 19 किलोमीटर की रेस में बांग्लादेश से छह प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया.
मुर्शिदाबाद डिस्ट्रिक्ट काउंसिल की चेयरपर्सन रुबिया सुल्ताना ने कहा, “यह इवेंट हर साल आयोजित होता है. यहां के लोग दुनिया के इस सबसे लंबे स्विमिंग कॉम्पिटिशन का आनंद लेते हैं. हर साल महिलाएं इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेती हैं. इसमें कोई भी हिस्सा ले सकता है. मुझे लड़कियों पर बहुत गर्व है. सभी लोग इस कॉम्पिटिशन को अच्छे से पूरा करें.”
–
पीएके