
भोपाल, 6 सितंबर . मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्य के सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ऐसी घटनाओं को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी.
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार सुबह पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “मैंने प्रभारी मंत्री को निर्देश दिए हैं और अधिकारियों से कहा है कि वे तुरंत कार्रवाई करें. कठोर कदम उठाएंगे और मामले की जांच कराएंगे. हमारी सरकार ऐसी घटनाओं को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी.”
बता दें कि सागर जिले में जहरीली शराब पीने से कम से कम नौ लोगों की मौत हुई है, जबकि 35 अन्य लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. मरने वालों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है. बताया गया है कि जिन लोगों का इलाज चल रहा है, उनमें से कुछ की हालत गंभीर है. उन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और सागर स्थित जिला अस्पताल में रेफर किया गया है.
वहीं, ग्वालियर पहुंचे मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस घटना को लेकर सवाल पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा, “कुछ दिन पहले भी वहां जहरीली शराब से जुड़ी एक घटना हुई थी. पूरे राज्य में शराब माफिया बेखौफ होकर काम कर रहे हैं और लोगों की जान ले रहे हैं. मैंने पहले भी यह मुद्दा उठाया था और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा था कि राज्य नशे की चपेट में आ गया है. मेरा मानना है कि मुख्यमंत्री को इस स्थिति का संज्ञान लेना चाहिए. इस ड्रग और शराब माफिया के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए.”
जीतू पटवारी ने कहा, “इस घटना की न्यायिक जांच होनी चाहिए. जो दोषी हैं, उन्हें 24 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे डालना चाहिए. अगर इस घटना के बाद भी सरकार नहीं जागती है तो मेरा मानना है कि इस राज्य की जनता को विचार करना होगा कि यह सरकार है या लोगों की हत्या करने की मशीनरी.”
–
डीसीएच/