
नई दिल्ली, 6 सितंबर . उत्तराखंड में यूसीसी लागू होने के बाद स्टेट वक्फ बोर्ड के नए निकाहनामा फॉर्मेट में एक शादी के नियम को लेकर भाजपा सांसद गुलाम अली खटाना ने कहा कि यह इस्लाम के बुनियादी सिद्धांतों के अनुरूप है. उन्होंने कहा कि मुसलमानों को देश के कानूनों का पालन करना चाहिए. उन्होंने कांग्रेस व विपक्षी दलों पर मुस्लिम वोटों का इस्तेमाल कर उन्हें पिछड़ा रखने का आरोप लगाया.
उत्तराखंड में यूसीसी लागू होने के बाद स्टेट वक्फ बोर्ड के नए निकाहनामा फॉर्मेट में सिर्फ एक शादी के नियम पर भाजपा सांसद गुलाम अली खटाना ने कहा, “यह एक सुधार है. मुसलमानों को इसे अपनाना चाहिए, क्योंकि इस्लाम ने औरतों को जमीन का हक दिया है. यह हक उन्हें बीच में नहीं दिया है. इस्लाम में एक शादी की बात कही गई है. बाद में कांग्रेस और इन पार्टियों ने इसे कई शादियों से जोड़ दिया. ये वो बातें हैं जो आधारभूत इस्लाम से जुड़ी हैं. मुसलमानों को उस देश के कानूनों को मानना चाहिए जहां वे रहते हैं.”
सहारनपुर में मस्जिद पर बुलडोजर कार्रवाई को लेकर विपक्षी पार्टियों के बयानों पर भाजपा सांसद खटाना ने कहा, “मुसलमानों के वोट मांगने वाली पार्टियों ने उनके वोट लेकर उन्हें पिछड़ेपन की ओर धकेल दिया है. किसी भी कानूनी मामले को राजनीतिक रंग नहीं देना चाहिए. चाहे कांग्रेस हो, समाजवादी पार्टी हो या कोई और पार्टी, उनके हाथ खून से रंगे हैं.”
उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दूंगा कि उनके कार्यकाल में कोई दंगा नहीं हुआ. देश के मुसलमान गरीबी से निकलकर मुख्यधारा में शामिल हुए हैं. स्टार्ट अप, स्टैंड अप के जरिए. मैं मुसलमानों को भी कहूंगा कि आप इनके वोट बैंक से बाहर निकलकर विकसित भारत में शरण लीजिए.
एसआरसीसी में पीएम मोदी के दिमागी नक्सल और आतंकवाद वाले बयान पर भाजपा सांसद गुलाम अली खटाना ने कहा कि कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक के जो लोग हैं, उनके लिए देश पहले नहीं है. उनके लिए पेट पहले है. उन्हें ये बात समझ आने में अभी समय लगेगा. देशहित के लिए उनकी कोई सोच ही नहीं है. उनके शासन में देश कमजोर था, 2जी घोटाले हुए.
भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने रिफॉर्म एक्सप्रेस के जरिए तकनीक बच्चों को सौंप दिया. भारत में रियल टाइम ट्रांजेक्शन होता है. महंगे फोनों का 25 फीसदी हम बनाते हैं. एक्सपोर्ट्स बढ़े हैं, स्पेस में आगे बढ़े और रक्षा के क्षेत्र में भी हमारा एक्सपोर्ट बढ़ा है. क्लीन एनर्जी में देश दुनिया की तीसरी बड़ी ताकत बनने जा रहा है.
–
केके/वीसी