हरियाणा: सीएम नायब सिंह सैनी ने 78 करोड़ रुपए की लागत वाली सात परियोजनाओं की रखी आधारशिला

चंडीगढ़, 6 सितंबर . हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को बवानी खेड़ा में ‘विकास संकल्प जनसभा’ को संबोधित करते हुए इलाके के सर्वांगीण विकास का रोडमैप पेश किया.

सीएम नायब सिंह सैनी ने 78 करोड़ रुपए की सात विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. उन्होंने कहा कि केंद्र और हरियाणा में भाजपा की ‘डबल-इंजन’ सरकार अब तीन गुना गति से विकास कार्य कर रही है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की रैली में लोगों की भारी भागीदारी हरियाणा की डबल-इंजन सरकार की नीतियों में लोगों के अटूट विश्वास का प्रमाण है.

बवानी खेड़ा के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपने संकल्प को दोहराते हुए सीएम सैनी ने कहा कि विकास का एक नया अध्याय हर कदम पर लिखा जाएगा और यह क्षेत्र प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुएगा. उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में इस विधानसभा क्षेत्र में 1,446 करोड़ रुपए के विकास कार्य किए गए हैं, जबकि पिछली कांग्रेस सरकार के 10 साल के कार्यकाल में यह आंकड़ा केवल 609.58 करोड़ रुपए था.

सीएम ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सरकार ने इस क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य किए हैं. नेशनल हाईवे (एनएच)-148बी के भिवानी-हांसी सेक्शन का काम 1,322 करोड़ रुपए की लागत से पूरा किया गया है, जबकि एनएच-709ए का निर्माण 749 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है. एनएच-709ई के भिवानी-खर्क सेक्शन को 169 करोड़ रुपए की लागत से फोर-लेन सड़क में बदला गया है.

उन्होंने कहा कि 413 करोड़ रुपए की लागत से मन्हेरू-बवानी खेड़ा रेलवे लाइन को डबल करने का काम चल रहा है, जिसमें से 12 किलोमीटर का काम पूरा हो चुका है.

इस बीच, खर्क कलां में 29.47 करोड़ रुपए की लागत से एक वॉटरवर्क्स का निर्माण किया गया है, जबकि सुंदर डिस्ट्रीब्यूटरी की लाइनिंग का काम 21.27 करोड़ रुपए की लागत से पूरा किया गया है.

मुख्यमंत्री ने किसान कल्याण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां सभी 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर की जा रही है. अब तक फसल खरीद के बदले 12 लाख किसानों के खातों में सीधे 1,86,000 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए जा चुके हैं. पिछले 12 वर्षों में किसानों को फसल के नुकसान के लिए 16,160 करोड़ रुपए का मुआवजा दिया गया है.

एएसएच/डीकेपी