गोंडा में पुलिस पीवीआर पर हमला करने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार, माफी मांगते वीडियो आया सामने

गोंडा, 7 सितंबर . उत्तर प्रदेश में गोंडा के कौड़िया थाना क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीवीआर) पर ईंट-पत्थर और फरसे से हमला करने के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को सोमवार तड़के करीब चार बजे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छिरास गांव निवासी गिरवर दयाल उर्फ नागा और शिवदयाल उर्फ सचिन उर्फ ददऊ के रूप में हुई है. गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों का पुलिस से माफी मांगते हुए वीडियो भी सामने आया है.

पुलिस के अनुसार, घटना छह और सात अगस्त की दरमियानी रात कौड़िया थाना क्षेत्र के छिरास गांव में हुई थी. रात में गश्त कर रही पीवीआर पर कुछ लोगों द्वारा पथराव किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी. सूचना मिलते ही कौड़िया थानाध्यक्ष शशि कुमार राणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.

आरोप है कि पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने के दौरान गिरवर दयाल और शिवदयाल ने पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने फरसे से भी पुलिस टीम पर हमला करने का प्रयास किया. अचानक हुए हमले में पुलिस टीम के कुछ सदस्यों को चोटें आईं. घायल पुलिसकर्मियों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई.

घटना के बाद कौड़िया थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी. सोमवार तड़के पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तारी के बाद सामने आए वीडियो में दोनों आरोपी अपनी गलती स्वीकार करते और पुलिस से माफी मांगते नजर आ रहे हैं. वीडियो में गिरवर और शिवदयाल कहते सुनाई दे रहे हैं, “हमसे गलती हुई है. हमने पुलिस वालों पर ईंट, पत्थर और फरसा चलाया है. हमसे गलती हो गई, आगे से गलती नहीं होगी. हम क्षमा चाहते हैं.”

पुलिस के मुताबिक, दोनों गिरफ्तार भाइयों के खिलाफ कौड़िया थाने में पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस अब हमले के कारणों, घटना में इस्तेमाल किए गए हथियारों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

सीओ करनैलगंज आनंद राय ने बताया कि पुलिस टीम पर हमले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी. कार्रवाई करते हुए दोनों सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया है. हमले में कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें आई थीं, जिनका प्राथमिक उपचार कराया गया. उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

–

एसएके/एएस