
शिमला, 7 सितंबर . भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हिमाचल प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा समर्पण अभियान’ चलाने की घोषणा की है. उन्होंने कहा कि अभियान को पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा और इसे सेवा, विकास और ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जोड़ा जाएगा.
राजीव बिंदल ने बताया कि 17 से 20 सितंबर तक प्रदेशभर में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे. भाजपा ने प्रदेश के सभी ब्लड बैंकों को रक्त से भरने का लक्ष्य रखा है. इसके अलावा, करीब 80 हजार घरों में ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं देने का कार्यक्रम प्रस्तावित है. अभियान के दौरान आंगनवाड़ियों में जाकर कार्यकर्ताओं और आंगनवाड़ी कर्मियों को सम्मानित करने, स्कूलों में पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित करने और बच्चों के बीच विकसित भारत की कल्पना को लेकर जागरूकता बढ़ाने की योजना है.
बिंदल ने कहा कि प्रदेश में बने पुलों, सुरंगों, एम्स, आईआईएम और मेडिकल कॉलेजों सहित प्रमुख विकास परियोजनाओं के आसपास भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर ज्योति प्रज्वलित करने के साथ विकास कार्यों को अभियान से जोड़ा जाएगा. जिन लोगों के जीवन में योजनाओं और विकास कार्यों से बदलाव आया है, उनकी कहानियां भी लोगों तक पहुंचाई जाएंगी. अभियान के तहत स्वच्छता, ‘नशे को ना’, नशामुक्त हिमाचल और स्वास्थ्य सेवा समेत करीब 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.
हिमाचल की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए बिंदल ने आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद करीब चार साल में सरकार ने भाजपा को घेरने में समय बिताया. इस अवधि में करीब 45 हजार करोड़ रुपए का कर्ज लिया गया और 2 हजार से अधिक संस्थान बंद किए गए. सड़कों की स्थिति खराब है, स्कूलों में शिक्षकों और अस्पतालों में डॉक्टर, दवाइयों तथा जांच सुविधाओं की कमी है. इससे विद्यार्थी, मरीज, कर्मचारी, पेंशनर, किसान और बागवान प्रभावित हो रहे हैं.
सीएजी रिपोर्ट का हवाला देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार पर वित्तीय प्रबंधन में खामियों के आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि सेस की राशि संबंधित विभागों तक नहीं पहुंचने, मनरेगा में कथित अनियमितताओं और एक स्थान के लिए स्वीकृत धन को दूसरे स्थान पर इस्तेमाल करने जैसे मामले सामने आए हैं. उन्होंने यह भी दावा किया कि गरीबों के मकानों से जुड़ी करीब 600 करोड़ रुपए की राशि लंबे समय तक उपयोग में नहीं लाई गई. इन मुद्दों को लेकर भाजपा लगातार सरकार को घेर रही है.
बिंदल ने कहा कि भाजपा लगातार जनता के बीच जाकर स्थानीय मुद्दे उठा रही है. जुलाई में करीब 200 स्थानों पर धरने-प्रदर्शन किए गए और आने वाले महीनों में भी यह सिलसिला जारी रहेगा. पार्टी सरकार को जवाबदेह बनाने के लिए अपना अभियान तब तक जारी रखेगी, जब तक मौजूदा सरकार सत्ता से बाहर नहीं हो जाती.
–
पीएसके