
हैदराबाद, 7 सितंबर . छठी हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष इंटर-डिपार्टमेंट नेशनल चैंपियनशिप 2026 में सोमवार को आठ मैच खेले गए. इनमें सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) ने डिफेंस अकाउंट्स स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 10-0 से बड़ी जीत हासिल की.
हैदराबाद में जारी प्रतियोगिता के ‘पूल बी’ में, सीआरपीएफ के लिए मोहम्मद वसीउल्लाह खान, अभिषेक और गुरमेहाकदीप सिंह की तिकड़ी ने दो-दो गोल किए, जबकि लवप्रीत जैनथ, हरीश पाल, लवजीत सिंह और दीपक ने शेष गोल दागे.
‘पूल बी’ के एक अन्य मैच में, भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (कैग) ने स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में 5-4 से जीत हासिल की. कैग के लिए कप्तान प्रमोद और मंजीत ने दो-दो गोल किए, जबकि त्रिशूल गणपति ने भी गोल किया. वहीं, साई के लिए सुनील ने दो गोल किए. उनके अलावा, सुनीत लकड़ा और जोजो सुनील ने भी एक-एक गोल किया.
‘पूल ए’ में पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड ने सेंट्रल सेक्रेटेरिएट को 8-1 से रौंदा. पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के लिए गुरजोत सिंह और चिरमाको सुदीप ने दो-दो गोल किए, जबकि रवनीत सिंह, मनप्रीत, कुमार वरुण और कप्तान वाल्मीकि देविंदर ने एक-एक गोल किया. वहीं, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट के लिए चंदन सिंह एकमात्र गोल दागने में सफल रहे.
आईटीबीपी सेंट्रल हॉकी ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को 4-2 से हराया. रोहित ने दो गोल किए और राहुल यादव व रोशन ने भी एक-एक गोल किया. एसएसबी के लिए विकास कुजूर और कप्तान विशाल यादव ने गोल किए.
‘पूल सी’ में दो कड़े मुकाबले देखने को मिले. सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (एसएससीबी) ने ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (एआईपीएससीबी) को 3-2 से हराया. सर्विसेज के लिए कनगराज सेल्वाराज, अमृत टिर्की और अक्षय दुबे ने गोल किए, जबकि एआईपीएससीबी के लिए अरुण साहनी ने दो गोल किए.
वहीं, स्टील प्लांट स्पोर्ट्स बोर्ड और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के बीच मैच 1-1 से ड्रॉ रहा और दोनों टीमों ने अंक बांटे. इस मुकाबले में एक्का रंजन पॉल और कार्तिक रमेश पटारे ने गोल किए.
दिन के खेल का समापन ‘पूल डी’ के मुकाबलों के साथ हुआ, जिसमें रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड ने फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (एफसीआई) को 5-1 से हराया. सिंह गुरसाहिबजीत ने दो गोल किए, जबकि रावत योगेम्बर, प्रदीप सिंह और रोहित ने भी गोल दागे. वहीं, एफसीआई के लिए नवराज सिंह ने गोल किया.
एक अन्य मैच में, केनरा बैंक ने तमिलनाडु पुलिस को 3-2 से हराया. राजू मनोज गायकवाड़ ने दो गोल किए और सोमन्ना केएम ने भी गोल किया, जबकि तमिलनाडु पुलिस के लिए मथन एम. और तमिलवानन ने गोल किए.
–
आरएसजी