दिल्ली के सरोजिनी नगर में चोरी का खुलासा, पुलिस ने चोर और सामान खरीदने वाले कबाड़ी को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली, 9 सितंबर . दक्षिण-पश्चिम जिले के सरोजिनी नगर थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले को सुलझाते हुए एक चोर और चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है.

पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि 25 अगस्त 2026 को लक्ष्मी बाई नगर इलाके में चोरी की घटना के संबंध में सरोजिनी नगर थाने को पीसीआर कॉल मिली थी. इसके आधार पर 26 अगस्त को ई एफआईआर दर्ज की गई. मामला बीएनएस की धारा के तहत दर्ज कर जांच शुरू की गई.

आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए एसएचओ सरोजिनी नगर इंस्पेक्टर अतुल त्यागी की देखरेख तथा सफदरजंग एन्क्लेव के एसीपी मेल्विन वर्गीस की निगरानी में विशेष टीम गठित की गई. टीम में हेड कांस्टेबल अमरजीत, अजीत, आनंद, दिलबाग, मेनपाल, महेश और रघुवीर शामिल थे.

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के अलावा आसपास के इलाकों और आरोपी के संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का लगातार विश्लेषण किया. इसके साथ तकनीकी जांच और फील्ड वेरिफिकेशन भी किया गया. इन प्रयासों के बाद पुलिस ने चंदन की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ और जांच में चोरी का सामान खरीदने वाले इमरान की भूमिका सामने आई, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस के अनुसार, चंदन ने पूछताछ में बताया कि उसने गुरुग्राम में पहले बढ़ई और बाद में वेल्डर के तौर पर काम किया था. वह दिल्ली आकर खाली पड़े मकानों और क्वार्टरों को निशाना बनाता था. आरोपी तार, नल, लोहे की वस्तुएं और अन्य कीमती सामान चोरी करता था. चोरी किए गए तार और लोहे के सामान को वह स्थानीय कबाड़ी के जरिए बेच देता था.

पुलिस ने आरोपियों से चांदी की पायल के दो जोड़े, बिछिया के तीन जोड़े, एक कलाई घड़ी, एक परफ्यूम की बोतल, एक सीसीटीवी कैमरा और वारदात के समय चंदन द्वारा पहने गए कपड़े बरामद किए हैं. आरोपियों की पहचान चंदन (24), निवासी गुरुग्राम, हरियाणा और इमरान (34), निवासी कोटला मुबारकपुर, दिल्ली के रूप में हुई है.

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक चंदन पहले भी पांच आपराधिक मामलों में शामिल रहा है. इनमें चार मामले साउथ कैंपस थाना और एक मामला हौज खास थाना, दिल्ली में दर्ज है. वहीं इमरान कबाड़ी का काम करता है और चोरी के तार व लोहे का सामान खरीदने-बेचने में शामिल था.

एसएके/पीएम