
नई दिल्ली, 9 सितंबर . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को चिह्नित करने के लिए भाजपा ने महीने भर चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की घोषणा की है. इस अभियान के तहत स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा और गरीब कल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. उत्तर प्रदेश के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने प्रधानमंत्री के कार्यकाल और सरकार की उपलब्धियों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी.
लखनऊ में स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जो भी निर्णय लिए, वे देशहित, राष्ट्रीय हित और गरीब कल्याण को ध्यान में रखकर लिए गए. कांग्रेस के शासनकाल में देश की स्थिति खराब हुई, जबकि 2014 के बाद मोदी के नेतृत्व में देश का सम्मान दुनिया में बढ़ा. सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन, पक्के मकान, गैस कनेक्शन और आयुष्मान भारत जैसी सुविधाएं मिली हैं. इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी सुविधाएं पहुंचाना और उसे आत्मनिर्भर बनाना है.
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा संगठन ने प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को देखते हुए उनके जन्मदिन से एक महीने तक 25 प्रकार के जनसेवा अभियान चलाने का निर्णय लिया है. इनमें स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा और गरीब कल्याण से जुड़े कार्यक्रम शामिल होंगे. पार्टी कार्यकर्ताओं को गांवों, गरीब बस्तियों और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचकर उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और आत्मनिर्भर बनने में मदद करनी चाहिए. बिजली, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को भी इस बदलाव से जोड़कर देखा जा सकता है.
स्वतंत्र देव ने प्रधानमंत्री के काम करने की शैली की भी प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी लगातार राष्ट्र और गरीबों की सेवा के लिए समर्पित रहे हैं. उन्होंने विदेशों में संकट के दौरान भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया. कश्मीर और नक्सलवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से आतंकवाद और नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है. देश की सीमा सुरक्षा से लेकर किसान, वैज्ञानिक, युवा और गरीबों के कल्याण तक सरकार काम कर रही है.
दिल्ली में केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि नरेंद्र मोदी से पहले भी देश में सरकारें थीं और उनके बाद भी सरकारें रहेंगी, लेकिन पीएम मोदी ने पिछले वर्षों में राजनीतिक संस्कृति में सेवा का भाव मजबूत किया है. पीएम मोदी के नेतृत्व में लोगों के बीच भविष्य को लेकर सकारात्मक सोच बढ़ी है. 2012-13 के दौरान लोग देश के भविष्य को लेकर चिंतित थे, जबकि आज युवा और बच्चे विकसित भारत के निर्माण को लेकर आशावादी नजर आते हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन को चिह्नित करने वाले अभियान को देश के लिए इस बदलाव का जश्न मनाने का अवसर बताया.
रांची में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैश्विक लोकप्रियता और विदेशों से मिले सम्मानों का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ऐसे नेता हैं जिन्हें लगातार कई वर्षों से वैश्विक स्तर पर लोकप्रियता मिली है और 36 देशों ने उन्हें अपने सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया है. 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होंगे. उन्होंने मोदी की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे लगातार काम करते हैं और देश की सेवा को प्राथमिकता देते हैं.
–
पीएसके