ब्रिक्स सम्मेलन पर कांग्रेस की बयानबाजी ठीक नहीं, देश के सम्मान से राजनीति न करे: ललन सिंह

नई दिल्ली, 10 सितंबर . केंद्रीय मंत्री और जनता दल (यू) के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन (ललन) सिंह ने 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत दुनिया भर से आने वाले मेहमानों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है और देश के मान-सम्मान के साथ राजनीति नहीं की जानी चाहिए.

ललन सिंह ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भारत ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में दुनिया के विभिन्न देशों से आने वाले प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि भारत की सभ्यता और संस्कृति “अतिथि देवो भव:” की रही है, लेकिन इस सिद्धांत के विपरीत कांग्रेस के कुछ नेता बयानबाजी कर रहे हैं.

उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम का नाम लेते हुए कहा, “अब चिदंबरम साहब को कौन समझाए. वह देश के महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं. मेरी सलाह है कि वह कम से कम देश के मान-सम्मान के साथ राजनीति नहीं करें.”

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत आने वाला हर अतिथि भगवान के समान है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश उनके स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है.

बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन आयोजित होना है. सम्मेलन में विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्ष, सरकार प्रमुख और उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल हिस्सा लेंगे.

सम्मेलन को लेकर दिल्ली में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. दिल्ली पुलिस ने विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय कर करीब 15,000 पुलिसकर्मियों और अर्द्धसैनिक बलों की लगभग 200 कंपनियों को तैनात किया है.

दिल्ली पुलिस की प्रोटेक्टिव सिक्योरिटी डिवीजन (पीएसडी) के विशेष पुलिस आयुक्त मनीष कुमार अग्रवाल ने बताया कि भारत मंडपम, हवाई अड्डों, विदेशी मेहमानों के ठहरने वाले होटलों और वीवीआईपी आवाजाही वाले सभी स्थानों पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है. उन्होंने कहा कि कुछ मार्गों पर वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सीमित समय के लिए ट्रैफिक प्रतिबंध रहेंगे और लोगों से पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है.

दिल्ली पुलिस ने सम्मेलन के दौरान अनधिकृत ड्रोन उड़ाने पर भी सख्त प्रतिबंध लगाया है. भारतीय वायुसेना और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के साथ मिलकर हवाई सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी संभावित सुरक्षा खतरे से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके.

डीएससी