यूपीएससी भर्ती अलर्ट: असिस्टेंट प्रोविडेंट फंड कमिश्नर के 80 पदों के लिए तुरंत करें आवेदन, कुछ ही घंटे शेष

नई दिल्ली, 10 सितंबर . सरकारी नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के हाथ से एक सुनहरा मौका निकलने वाला है. दरअसल, संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सीधी भर्ती के जरिए श्रम और रोजगार मंत्रालय के तहत कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) में असिस्टेंट प्रोविडेंट फंड कमिश्नर (एपीएफसी) के कुल 80 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके रिक्तियों की घोषणा की.

आयोग की ओर से असिस्टेंट प्रोविडेंट फंड कमिश्नर (एपीएफसी) पोस्ट के लिए जारी 80 रिक्तियों में जनरल के 29, ईडब्ल्यूएस के 8, ओबीसी के 18, एससी के 15 और एसटी के 10 पद शामिल हैं. वहीं, पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए 3 पद आरक्षित हैं.

इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 22 अगस्त से शुरू हो गई और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 11 सितंबर तय की गई है. ऐसे में जिन पात्र और इच्छुक उम्मीदवारों ने अभी तक इन पदों पर नियुक्त होने के लिए अभी तक एप्लीकेशन फॉर्म नहीं भरा है, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर शुक्रवार शाम 6 बजे तक या उससे पहले रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर लें, नहीं तो आपके हाथ से एक बेहतरीन मौका निकल जाएगा.

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में कम से कम ग्रेजुएशन की डिग्री का होना अनिवार्य है. आवेदकों की अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी. वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, भर्ती परीक्षा (आरटी), इंटरव्यू और/या दस्तावेज सत्यापन, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 7वें सीपीसी के अनुसार, पे मैट्रिक्स में लेवल-10 के तहत प्रति माह होगी.

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस पुरुष उम्मीदवारों के लिए 25 रुपए तय किया गया है. वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी और महिलाओं को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है.

कैंडिडेट्स भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक कर सकते हैं.

डीके/एबीएम