बिहार : सीतामढ़ी में मॉर्निंग वॉक पर निकले जिला परिषद सदस्य के पति की गोली मारकर हत्या, इलाके में तनाव

सीतामढ़ी, 12 सितंबर . बिहार के सीतामढ़ी जिले में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मॉर्निंग वॉक के लिए निकले जिला परिषद सदस्य के पति की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. घटना डुमरा थाना क्षेत्र के केथरिया गांव की है. मृतक की पहचान बैद्यनाथ महतो के रूप में हुई है.

जानकारी के मुताबिक, बैद्यनाथ महतो सुबह अपने घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे. इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया. बताया जा रहा है कि अपराधियों ने उन पर कई गोलियां चलाईं. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई.

घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. गोलीबारी की घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. वारदात के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया. ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस के साथ भी ग्रामीणों द्वारा कथित तौर पर हाथापाई और हमला किए जाने की सूचना है.

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, बैद्यनाथ महतो पर इससे पहले भी जानलेवा हमला किया गया था. उस घटना के बाद भी ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ जमकर हंगामा किया था और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी.

ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व की घटना में पुलिस ने अपेक्षित कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद अब दोबारा उन्हें निशाना बनाकर हत्या कर दी गई. हत्या की इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि पूर्व में हुए हमले के मामले में समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाती, तो संभवत: यह घटना टाली जा सकती थी.

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है. पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

एमएनपी/एएस