मध्य प्रदेश में अन्नदाताओं को मिल रहीं सभी सुविधाएं : सीएम मोहन यादव

छतरपुर, 12 सितंबर . मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं का निदान करने के साथ उन्हें सभी सुविधाएं मुहैया करा रही है. छतरपुर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअल संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि धरती पुत्र परिश्रम से फसल उगाते हैं, जो सभी को उपलब्ध होता है.

अन्नदाता किसानों की समस्याओं को दूर कर उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं. बुंदेलखंड की प्राकृतिक संपदा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि बुंदेलखंड हीरों की धरती है. यहां की जमीन में हीरा निकलता है. जिले में होने वाली पिपरमेंट की खेती का भी जिक्र किया. साथ ही फर्नीचर की क्वालिटी को बेहतर बताया.

छतरपुर जिले के किसानों को रबी सीजन की फसलों की नवीनतम तकनीक, उन्नत कृषि पद्धतियों एवं आधुनिक कृषि संसाधनों की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हुए बलराम कृषि महोत्सव के रूप में आयोजित किया गया.

कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों ने दीप जलाकर किया, वही मुख्यमंत्री यादव को किसानों ने कृषि क्षेत्र के नवाचारों की जानकारी दी. प्रगतिशील किसान सलीम खान ने जैविक एवं प्राकृतिक खेती के साथ होलेस्टिक फार्मिग एवं औषधीय फसल उत्पादन एवं कृषि के साथ अन्य कृषकों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रोत्साहित करने के संबंध में मुख्यमंत्री यादव को जानकारी दी.

बिजावर निवासी कृषक सौरभ भटनागर ने बताया कि वे जैविक एवं प्राकृतिक खेती के साथ फल और सब्जी उत्पादन कार्यक्रम तथा होलेस्टिक फार्मिंग (मुर्गी पालन, मछली पालन, बतख पालन) करते हैं. जनजाति समाज की हब्बीबाई ग्राम सलैया ने बताया कि उनके द्वारा कोदो, कुटकी, रागी, बाजरा, ज्वार एवं अन्य लघु धान्य फसलों का उत्पादन करते हुए प्रोसेसिंग के साथ बाजार में बेचा जाता है.

ग्राम हतना निवासी अनिल यादव ने बताया कि उन्होंने कस्टम हायरिंग केन्द्र की स्थापना की. ट्रैक्टर सहित कुल 6 यंत्र खरीदे. गत वर्ष अन्य किसानों को किराए पर यंत्र उपलब्ध करवाने से लगभग 5.50 लाख तक मुनाफा प्राप्त हुआ है.

महिला किसान तुलसा कुशवाहा निवासी लखनगुवां ने बताया कि जैविक एवं प्राकृतिक खेती के साथ फसल और सब्जी उत्पादन, मुर्गी पालन, मछली पालन, बतख पालन आदि कर रहीं हैं जो उन्हें मुनाफा दे रहा है. मुख्यमंत्री यादव ने विभिन्न जनप्रतिनिधियों से भी संवाद किया.

कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने जिले के 10 प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया. साथ ही प्रावीण्य सूची में आए कृषकों के बच्चों को भी सम्मानित किया गया.

एसएनपी/एएसएच