छत्तीसगढ़ के कोरबा में भतीजे ने पारिवारिक विवाद के बाद चाचा की गला रेतकर की हत्या

कोरबा, 13 सितंबर . छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र के पनगांव में शनिवार को पारिवारिक विवाद के बाद भतीजे ने अपने चाचा की धारदार हथियार से हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया.

मिली जानकारी के अनुसार दादी और चाचा के बीच हो रही कहासुनी के दौरान भतीजा गुस्से में आ गया और उसने अपने ही चाचा पर धारदार हथियार फरसी से हमला कर दिया. गले में गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण चाचा की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना के बाद गांव में सन्नाटा और दहशत का माहौल है.

मृतक की पहचान गुलाब सिंह के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात गुलाब सिंह का अपनी मां से किसी पारिवारिक बात को लेकर विवाद हो रहा था. इसी दौरान उनका भतीजा दुर्गेश कुमार वहां पहुंच गया. दादी और चाचा के बीच चल रही बहस में दुर्गेश ने हस्तक्षेप किया. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी अपना आपा खो बैठा.

बताया जा रहा है कि दादी और चाचा के बीच बहस होते देख भतीजा दुर्गेश कुमार अचानक आगबबूला हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि दुर्गेश ने घर में रखी धारदार फरसी उठा ली और चाचा गुलाब सिंह पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तो खून से लथपथ शव देखकर सन्न रह गए. देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना कोरबी चौकी पुलिस को दी.

सूचना मिलते ही कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी बुलाया गया. पुलिस ने बारीकी से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू की.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को पकड़ने के लिए टीम का गठन किया जा रहा है, जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पूरे मामले की जानकारी के लिए जांच की जा रही है.

एसएके/पीएम