कोडरमा में मोबाइल दुकानदार पर चाकू से हमले के बाद तनाव, आरोपी की बाइक फूंकी

कोडरमा, 13 सितंबर . झारखंड के कोडरमा जिले के तिलैया में रविवार को मोबाइल दुकानदार पर चाकू से हमला किए जाने के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई. घटना से आक्रोशित लोगों ने कथित आरोपी की बाइक में आग लगा दी और रांची-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया. घटना तिलैया थाना क्षेत्र के असनाबाद में हुई. घायल दुकानदार की पहचान इम्तियाज अहमद उर्फ गुड्डू के रूप में हुई है. उसे गंभीर हालत में सदर अस्पताल, कोडरमा ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस के अनुसार, किसी बात को लेकर विवाद के बाद एक युवक ने दुकानदार पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद आरोपी अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया.

घायल दुकानदार ने पुलिस को दिए बयान में गौरव कुमार नामक युवक पर हमला करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने घटनास्थल से एक मोबाइल का डिब्बा, रसीद और गौरव कुमार सिंह के नाम से कुछ दस्तावेज बरामद किए हैं. पुलिस ने आरोपी की बाइक और हमले में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किए जाने की बात कही है. मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है.

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. कुछ लोगों ने कथित आरोपी की बाइक को आग के हवाले कर दिया. इसके बाद लोगों ने रांची-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. सूचना मिलने पर तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर सड़क से जाम हटाया. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. घटनास्थल पर पुलिस बल की तैनाती की गई है.

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. चाकू से हमला किए जाने के कारण और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट स्थिति सामने आएगी.

एसएनसी/डीकेपी