सीआईएफटीआईएस 2026 में 1200 से अधिक उपलब्धियां हासिल

बीजिंग, 13 सितंबर . 2026 चीन अंतर्राष्ट्रीय सेवा व्यापार मेला यानी सीआईएफटीआईएस 13 सितंबर को चीन की राजधानी पेइचिंग में संपन्न हुआ. इस वर्ष के सीआईएफटीआईएस में 7 श्रेणियों में 1,200 से अधिक उपलब्धियां हासिल की गईं.

इस दौरान 200 मंचों, सम्मेलनों और व्यापारिक समन्वय एवं प्रचार गतिविधियों का आयोजन किया गया. मेले में 1,830 से अधिक कंपनियों ने ऑफलाइन और 5,300 से अधिक कंपनियों ने ऑनलाइन हिस्सा लिया. इस आयोजन ने “चीनी सेवाओं” को एक चमकता हुआ ब्रांड बनाने में मदद की, जबकि विदेशी सेवा प्रचार रोड-शो क्षेत्र को भी उम्मीद से बेहतर प्रतिक्रिया मिली.

जानकारी के अनुसार, इस वर्ष के सीआईएफटीआईएस में 90 देशों, क्षेत्रों और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के प्रदर्शकों ने हिस्सा लिया. उन्होंने कई क्षेत्रों में पहली बार अपनी नवोन्मेषी तकनीकों, उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन किया. मेले के दौरान कई आधिकारिक रिपोर्टें भी जारी की गईं, जिनमें अत्याधुनिक शोध परिणाम साझा किए गए, सेवा व्यापार के नवीनतम विकास रुझानों का विश्लेषण किया गया और अंतर्राष्ट्रीय आदान-प्रदान एवं सहयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया.

इसके अलावा, इस वर्ष के सीआईएफटीआईएस में कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुईं. कुल 103 उद्यमों और संस्थानों ने 233 उपलब्धियां हासिल कीं. वहीं, विशेष अतिथि के रूप में शामिल नॉर्वेजियन प्रतिनिधिमंडल ने चीनी उद्यमों और संस्थानों के साथ 6 सहयोग समझौतों पर हस्ताक्षर किए. “पेइचिंग में निवेश करें” विषय पर आयोजित प्रचार सभा में तकनीकी नवाचार, बुद्धिमान विनिर्माण और आधुनिक सेवाओं समेत 12 औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी 36 प्रमुख परियोजनाओं पर भी हस्ताक्षर किए गए.

इसी बीच, “स्थान विस्तार प्लस गतिविधि नवाचार” के जरिए सीआईएफटीआईएस के प्रभाव को और बढ़ाया गया. इसके तहत 81 सहायक गतिविधियों, पेइचिंग के प्रमुख व्यावसायिक जिलों में 44 गतिविधियों और 13 निरीक्षण मार्गों का आयोजन किया गया. साथ ही, पूरे शहर में पेशेवर आर्थिक और व्यापारिक आदान-प्रदान के साथ-साथ सार्वजनिक सांस्कृतिक अनुभव से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित की गईं.

बता दें कि 9 से 13 सितंबर तक 2026 चीन अंतर्राष्ट्रीय सेवा व्यापार मेला यानी सीआईएफटीआईएस का आयोजन पेइचिंग के शीचिंगशान जिले में स्थित शोउकांग पार्क में किया गया. करीब 70 हेक्टेयर में फैला यह पार्क एक सदी पुराने इस्पात संयंत्र क्षेत्र को बदलकर विकसित किया गया है. आज यह सीआईएफटीआईएस का स्थायी स्थल होने के साथ-साथ ऑनलाइन इन्फ्लुएंसर्स के बीच भी एक लोकप्रिय स्थान बन चुका है.

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

डीकेपी/