जयपुर वार्ड 101 से जीता कांग्रेस प्रत्याशी, फिर हारा घोषित, खाचरियावास ने भाजपा पर लगाया आरोप

जयपुर, 14 सितंबर . राजस्थान में नगर निकाय चुनाव की मतगणना के बीच कांग्रेस ने भाजपा पर परिणामों में हेरफेर का आरोप लगाया है. जयपुर के भवानी निकेतन कॉलेज काउंटिंग सेंटर पर कथित गड़बड़ी को लेकर कांग्रेस नेताओं ने जिला कलेक्टर से मुलाकात की और निष्पक्ष मतगणना की मांग की. उन्होंने कहा कि पार्टी नेता काउंटिंग सेंटर्स पर विरोध करेंगे या जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री आवास का घेराव भी करेंगे.

जयपुर नगर निगम के वार्ड 101 के परिणाम को लेकर कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा, “जयपुर नगर निगम के वार्ड 101 से कांग्रेस उम्मीदवार दुर्गेश शर्मा 100 वोटों के अंतर से जीते थे. जीतने के बाद उन्हें हारा हुआ घोषित कर दिया गया. नतीजों में कोई गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए. नतीजे निष्पक्ष होने चाहिए. अगर नतीजों में कोई गड़बड़ी हुई, तो इससे बड़ा पाप कोई नहीं होगा. यह गलत है.”

खाचरियावास ने कहा, “मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जो हरकत की है, इसका हिसाब-किताब देना पड़ेगा. मैं जरूरत पड़ा तो मुख्यमंत्री निवास का घेराव करूंगा और जयपुर में कहीं टकराव हुआ तो पुलिस फोर्स तैयारी कर ले.”

उन्होंने वार्ड 101 की पूरी घटना का जिक्र करते हुए कहा, “जयपुर नगर निगम के वार्ड 101 से कांग्रेस उम्मीदवार दुर्गेश शर्मा जीत गया था, उसको इलेक्शन साइट पर दिखा दिया, चुनाव आयोग ने डिक्लेअर कर दिया, हर चैनल ने डिक्लेअर कर दिया. अंदर से इलेक्शन एजेंट का भी मेरे पास फोन आ गया. बाद में जैसे ही वो बाहर निकले, 71 वोटों से उन्होंने भाजपा उम्मीदवार रविशंकर को विजेता डिक्लेअर कर दिया.”

खाचरियावास ने बताया कि उन्होंने अधिकारियों से दोबारा गिनती की मांग की है. यदि वो हारा हुआ है तो दिख जाएगा लेकिन अगर आप दिखाओगे नहीं तो झगड़ा होगा. ये बात तो तय है.”

उन्होंने एक और वार्ड में भी इसी तरह की गड़बड़ी का आरोप लगाया. कांग्रेस नेता ने कहा, “अभी मेरे पास एमएलए रफीक खान साहब का फोन आया. रफीक खान कह रहे हैं कि उनके यहां पर 5 वोटों से जो कैंडिडेट जीत गया, उसको फिर वापस हारा हुआ डिक्लेअर कर दिया. अब भाजपा बेईमानी पर आ गई है.”

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जहां कम अंतर से हार-जीत हो रही है अगली बार भाजपा को ज्यादा वोटों से हराओ. इनको वोट मत दो, बेईमान लोग हैं. यदि ये नहीं सुधरे तो जनता को साथ लेकर सड़कों पर निकलेंगे.”

खाचरियावास ने कहा, “भाजपा कह रही थी कि उसको वोट दो क्योंकि सरकार उनके पास है. काम हम ही कर सकेंगे नहीं तो हम काम नहीं करेंगे. यह तो फिर भी ठीक है, लेकिन बेईमानी तो मत करो. यदि ईमानदारी से जीतोगे कोई दिक्कत नहीं है. अब भाजपा बेईमानी कर रही है. उन वार्डों में गड़बड़ कर रही है जहां 100 वोट का, 150 वोट का अंतर है, वहां पर भाजपा ने बेईमानी चालू कर दी है.”

उन्होंने प्रशासन पर भी आरोप लगाते हुए कहा, “वहां कलेक्टर के जरिए रिजल्ट हो रहे हैं, क्योंकि कलेक्टर और अधिकारी सारे करप्शन में जुड़े हुए हैं, इसलिए वो इनका आदेश मान रहे हैं.”

पीआईएम/पीएम