रोहित रॉय के ‘डस्टबिन मीडियम’ बयान पर बोले चेतन हंसराज- ‘टीवी एक्टर्स को कमतर समझना सही नहीं’

मुंबई, 14 सितंबर . चेतन हंसराज ने टीवी की दुनिया में अपने करियर की शुरुआत बी.आर. चोपड़ा की आइकॉनिक ‘महाभारत’ में युवा बलराम का किरदार निभाकर की. उन्होंने छोटे पर्दे से लेकर फिल्मों तक का लंबा सफर तय किया है. ऐसे में जब उनके दोस्त और एक्टर रोहित रॉय ने हाल ही में टीवी को ‘डस्टबिन मीडियम’ कहा और छोटे पर्दे के एक्टर्स को फिल्म स्टार्स के मुकाबले कमतर बताया, तो चेतन इस बात से बिल्कुल सहमत नजर नहीं आए. उन्होंने रोहित की बात पर खुलकर अपनी राय रखी और कहा कि टीवी को इस तरह देखना सही नहीं है.

से बातचीत में चेतन हंसराज ने रोहित रॉय के बयान पर कहा, ”रोहित मेरे अच्छे दोस्त हैं, लेकिन सच कहूं तो मुझे नहीं पता कि यह बात कहां से आ रही है. टीवी कोई डस्टबिन मीडियम नहीं है, लेकिन हां, इसमें क्रिएटिविटी और आगे बढ़ने के मामले में कुछ ठहराव जरूर आया है. आज भी कई शोज में एक जैसी कहानियां दिखाई जा रही हैं और कंटेंट में ज्यादा बदलाव नहीं हो रहा है. यही वजह है कि टीवी का क्रिएटिव ग्राफ नीचे जा रहा है.”

चेतन ने इसके लिए प्रोड्यूसर्स और टीवी चैनल्स को जिम्मेदार बताया. उन्होंने कहा, ”अगर मेकर्स नए कंटेंट के साथ प्रयोग करें तो टीवी के पास आगे बढ़ने की पूरी गुंजाइश है. दर्शक नए तरह की कहानियों के लिए तैयार हैं, लेकिन उन्हें वैसा कंटेंट मिल नहीं रहा. लेकिन टीवी को ‘डस्टबिन’ कहना ठीक नहीं है, क्योंकि आज भी लाखों लोग छोटे पर्दे के शोज देखते हैं.”

चेतन ने रोहित रॉय की उस बात पर भी असहमति जताई, जिसमें उन्होंने टीवी एक्टर्स में क्लास की कमी की बात कही थी. उन्होंने कहा, ”टीवी एक्टर्स के बारे में भी मुझे नहीं पता कि यह बात कहां से आई. हर प्रोफेशन में कुछ अलग तरह के लोग होते हैं. कुछ एक्टर्स अजीब व्यवहार करेंगे और पॉपुलर होने के लिए कुछ भी करने की कोशिश करेंगे. लेकिन मैंने ऐसा कुछ लगातार अनुभव नहीं किया है. बहुत सारे टीवी एक्टर्स हैं जो खुद को पूरी गरिमा के साथ पेश करते हैं. मैं खुद टीवी एक्टर हूं और मैंने पूरी जिंदगी खुद को गरिमा के साथ पेश किया है.”

चेतन ने टीवी एक्टर्स की परफॉर्मेंस को फिल्मों के एक्टर्स से बेहतर तक बताया. उन्होंने कहा, ”अगर किसी टीवी एक्टर और फिल्म एक्टर को एक जैसी लाइनें दी जाएं, तो टीवी एक्टर उन्हें ज्यादा बेहतर तरीके से निभा सकता है. वह बेहतर परफॉर्मर होंगे. टीवी एक्टर्स को लगातार काम करते हुए कम समय में अपने किरदार को दर्शकों तक पहुंचाना पड़ता है, इसलिए उनकी एक्टिंग की क्षमता को कम आंकना ठीक नहीं होगा.”

चेतन ने कहा, ”मैं किसी एक पक्ष का साथ नहीं दे रहा हूं. मैंने इंडस्ट्री के अलग-अलग माध्यमों में काम किया है और मेरा अनुभव यही कहता है कि टीवी एक्टर्स को फिल्मों के एक्टर्स से कमतर नहीं समझना चाहिए. फिल्मों में बड़े बजट की वजह से स्टार्स को ज्यादा पीआर और प्रमोशन मिलता है, जिससे उनकी लोकप्रियता ज्यादा दिखाई देती है.”

वर्कफ्रंट की बात करें तो चेतन हंसराज जल्द ही नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ में नजर आएंगे. फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश जैसे बड़े सितारे मुख्य भूमिकाओं में हैं.

पीके/एएस