
मुंबई, 14 सितंबर . एक्ट्रेस सोनाली कुलकर्णी ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर बप्पा को किसान के रूप में स्थापित किया. साथ ही उन्होंने बाढ़, सूखे और खराब मौसम की स्थिति का सामना कर रहे किसानों के लिए राहत और समृद्धि की प्रार्थना की.
अभिनेत्री ने कहा, “भगवान की मूर्ति में विशेषता यह है कि बप्पा किसान के रूप में बैलगाड़ी पर सवार हैं. हमारे घर पर वर्षों से परंपरा चली आ रही है कि गणपति की मूर्ति हम लोग हाथों से बनाते हैं. इस बार हमने सोचा कि अब 9 साल हो गए हैं, तो कुछ अलग और नया करते हैं.”
सोनाली कुलकर्णी ने बप्पा की किसान वाली मूर्ति के पीछे की कहानी बताते हुए कहा, ” हमें सणस आर्ट में एक व्यक्ति ने बैलगाड़ी में बप्पा को विराजमान करने की सलाह दी थी. जब हमें बप्पा को बैलगाड़ी में सवार करने का आइडिया आया, तो हमने सोचा कि बप्पा किस तरह से विराजमान होंगे. हमें उस समय आइडिया आया कि अगर हम किसान के रूप में बप्पा को सजाएं, तो ये तो बहुत ही मजेदार होगा और शायद ऐसे ही हम बप्पा से प्रार्थना भी कर सकेंगे कि जहां प्रलय हो रही है और कुछ जगहों पर सूखा पड़ा है, वहां पर राहत लाएं और किसान भाइयों को जिस समस्या से जूझना पड़ रहा है, वह जल्द दूर हो.”
अभिनेत्री ने अपने भाई और भाभी से मिलवाते हुए कहा कि इन दोनों की की इस बार साथ में पहली गणेश चतुर्थी है. उन्होंने कहा, “इस बार खुशी इस बात की है कि ये दोनों पहली बार साथ में गणेश चतुर्थी मना रहे हैं. मेरे भाई का तो फेवरेट त्योहार है. तो मुझे लगा कि ऐसा कुछ किया जाए कि सारी तैयारियां सभी साथ में मिलकर करें. मैं सभी से यही कहूंगी कि बप्पा के आगमन से सभी के परिवार में सुख, समृद्धि और खुशहाली आए.”
–
एनएस/वीसी