नई दिल्ली : मौजपुर मेट्रो स्टेशन के नीचे चाकूबाजी का मामला सुलझा, पुलिस ने तीन किशोरों को पकड़ा

नई दिल्ली, 14 सितंबर . दिल्ली के मौजपुर मेट्रो स्टेशन के नीचे हुई चाकूबाजी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन किशोरों को पकड़ लिया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू भी बरामद किए हैं.

पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर की रात करीब 9 बजे 66 फीट रोड स्थित फुटपाथ पर कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई थी. मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जिसके दौरान दो किशोरों ने कथित तौर पर चाकू निकालकर 18 वर्षीय कुशल और 18 वर्षीय चिराग पर हमला कर दिया. दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि उनके साथ मौजूद रुद्रराज (19) और आलोक (18) पर भी हमला करने की कोशिश की गई लेकिन वे किसी तरह मौके से बच निकले.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचाया गया. साथ ही क्राइम और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. मामले में थाना जाफराबाद में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई.

जांच के दौरान थाना जाफराबाद की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तकनीकी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर तीनों किशोर आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया. पूछताछ और छानबीन के दौरान आरोपियों के पास से दो चाकू बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार बताया है.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरी घटना एक मामूली विवाद के बाद हुई थी. बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता पक्ष ने फुटपाथ पर मौजूद लड़कों को किसी बात पर टोका था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच झगड़ा बढ़ गया और मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले के खुलासे में एसआई योगेश कुमार, एएसआई रामबीर, हेड कांस्टेबल अरुण, कांस्टेबल विनोद और कांस्टेबल अश्विनी की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. यह कार्रवाई इंस्पेक्टर रूपेश खत्री, एसएचओ थाना जाफराबाद की निगरानी में की गई. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.

एएमटी/पीएम