छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सत्ता में वापसी लक्ष्य, नई जिम्मेदारी मिलने पर बोले सुखदेव भगत

नई दिल्ली, 15 सितंबर . कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने बड़ी जिम्मेदारी देते हुए छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया है. नई जिम्मेदारी मिलने पर सुखदेव भगत ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वर्ष 2028 में होने वाले छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को दोबारा सत्ता में लाना उनका लक्ष्य है.

से बातचीत में कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि मुझ पर जो भरोसा जताया गया है, उसके लिए सबसे पहले मैं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करना चाहता हूं. छत्तीसगढ़ के जो हालात हैं, उन्हें देखते हुए हमें कांग्रेस को 2028 में दोबारा सत्ता में लाना है. हमारे जितने भी नेता हैं, उनके साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कांग्रेस की नीतियों और जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने रखना है.

इन्हीं प्रयासों के माध्यम से हमें दोबारा सत्ता में वापसी करनी है. दूसरी बात यह है कि छत्तीसगढ़ से हमारा बॉर्डर लगा हुआ है और आदिवासी सीटों पर भी लोगों का भरोसा जीतना है.

पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात को लेकर सुखदेव भगत ने कहा कि मेरा मानना है कि विपक्ष के नेता और हमारे सम्मानित राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी से मिलना और हमारे संगठन के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल से मिलना, हमें ऊर्जा और मार्गदर्शन देता है. इससे हमें अलग-अलग मुद्दों पर आगे बढ़ने और संगठन तथा जनता के नजरिए से बेहतर काम करने की दिशा मिलती है. इसलिए मेरा मानना है कि उनसे मिला मार्गदर्शन और उसे प्रभावी ढंग से लागू करना हमारी जिम्मेदारी है.

परीक्षाओं में पेपर लीक मामले में झारखंड सीआईडी द्वारा दो और लोगों की गिरफ्तारी पर कांग्रेस सांसद ने कहा कि निश्चित रूप से सीआईडी ने 21 लोगों को गिरफ्तार किया है और पूरी ईमानदारी से अपना काम कर रही है. हम कह सकते हैं कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में हमारी सरकार इस संकल्प के साथ काम कर रही है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी के लिए दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. भर्ती परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी को गंभीरता से लिया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

डीकेएम/वीसी