पीएम मोदी के जन्मदिन पर सेवा अभियान, सांसद ने अस्पताल में मरीजों को बांटे फल, विधायक ने लगाई झाड़ू

नोएडा, 17 सितंबर . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से गौतमबुद्ध नगर में विभिन्न सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. प्रधानमंत्री के जन्मदिन को पार्टी की ओर से ‘सेवा संकल्प दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है.

इसके तहत नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दादरी और जेवर समेत जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की ओर से सेवा एवं जनहित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इसी क्रम में नोएडा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान चलाने के साथ रक्तदान शिविर का आयोजन किया. पार्टी कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया.

वहीं, रक्तदान शिविर के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया. गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने सेक्टर-39 स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचकर अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात की. उन्होंने मरीजों को फल वितरित किए और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली.

डॉ. महेश शर्मा ने मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और इलाज की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली. इस दौरान जिला अस्पताल के सीएमएस अशोक कुमार झा समेत भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे. नोएडा में भाजपा के सेवा कार्यक्रमों के तहत विधायक पंकज सिंह के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया. रोडवेज बस डिपो मोड़ के आसपास आयोजित अभियान में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने झाड़ू लगाकर सार्वजनिक स्थानों की सफाई की.

कार्यकर्ताओं ने सड़क किनारे और आसपास के क्षेत्रों में जमा कूड़े-कचरे को हटाया. इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने और स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की. कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्वच्छ वातावरण बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है.

प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों के जरिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देने का प्रयास किया. जिले में अलग-अलग स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लेकर सेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाया.

–

पीकेटी/एसके