
नई दिल्ली, 17 सितंबर . रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के अंतर्गत आने वाले मानव संसाधन एवं सतर्कता निदेशालय (डीएचआर एंड वी) ने 15 पदों पर भर्ती के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है.
डीआरडीओ-डीएचआर एंड वी की ओर से जारी 15 रिक्तियों में डीआरडीओ चेयर के 2, डीआरडीओ विशिष्ट फेलोशिप के 7 और डीआरडीओ फेलोशिप के 6 पद शामिल हैं. इन सभी पदों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि अखबारों में विज्ञापन छपने की तारीख से 21 दिन तक यानी 16 अक्टूबर तक तय की गई है. ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होना चाहते हैं, उन्हें तय समय सीमा के अंदर अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी जाती है.
इन पदों के लिए केंद्र सरकार/स्वायत्त निकाय के सेवानिवृत्त या सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी आवेदन करने के पात्र हैं. इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से बीटेक/बीई/एमएससी/पीएचडी की डिग्री होनी चाहिए.
योग्य अभ्यर्थियों का चयन स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा किया जाएगा, जो सबसे पहले प्राप्त आवेदनों की जांच करेगी. स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा चुने गए नामों को सिलेक्शन कमेटी के पास भेजा जाएगा, जो सक्षम अधिकारी की मंजूरी से पहले अंतिम सूची की सिफारिश करेगी. वहीं, चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी डीआरडीओ चेयर के लिए 1,25,000 रुपए, डीआरडीओ विशिष्ट फेलोशिप के लिए 1,00,000 रुपए और डीआरडीओ फेलोशिप के लिए 80,000 रुपए प्रति माह होगी. इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे.
आवेदन करने के लिए आवेदकों को अपना साफ-सुथरा टाइप किया हुआ आवेदन ए-4 साइज के कागज पर ‘निदेशक, मानव संसाधन एवं सतर्कता निदेशक (डीएचआर एंड वी), डीआरडीओ, रक्षा मंत्रालय, कमरा नंबर 229 (डीआरडीएस-III, डीआरडीओ भवन, राजाजी मार्ग, नई दिल्ली-110011’ पते पर डाक के माध्यम से जमा करना होगा.
कैंडिडेट्स ध्यान दें कि डीआरडीओ-डीएचआर एंड वी की ओर से यह नियुक्ति अधिकतम 3 वर्ष के लिए संविदा के आधार पर (कार्यभार संभालने की तारीख से) होगी, जिसे उम्मीदवारों के परफॉर्मेंस और काम के नतीजों के आधार पर हर वर्ष रिन्यूअल किया जाएगा.
–
डीके/वीसी