
जिनेवा, 17 सितंबर . विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लयूएचओ) के महानिदेशक टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयसस ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 76वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं.
डब्ल्यूएचओ चीफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “जन्मदिन मुबारक हो, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी. आपको जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं. एक सफल ब्रिक्स लीडर्स समिट की मेजबानी करने, स्वास्थ्य को एजेंडे में सबसे ऊपर रखने और ब्रिक्स नेताओं द्वारा ‘सभी के लिए स्वास्थ्य’ और वैश्विक स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए मजबूत प्रतिबद्धताएं हासिल करने के लिए धन्यवाद.”
मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह ने भी पीएम मोदी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई दी. सोलिह ने ‘एक्स’ पर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. आपका नेतृत्व मालदीव और भारत के बीच स्थायी मित्रता के लिए केंद्रीय रहा है. आने वाले साल में आपके अच्छे स्वास्थ्य, खुशहाली और निरंतर सफलता की कामना करता हूं.”
इस बीच, श्रीलंका में, श्रीलंका महाबोधि सोसाइटी के अध्यक्ष बानागाला उपतिस्स नायक थेरो के नेतृत्व में पादरी वर्ग के सदस्यों ने गुरुवार को पीएम मोदी को शुभकामनाएं दीं.
श्रीलंका में भारतीय उच्चायोग ने एक्स पर बताया, “श्रीलंका महाबोधि सोसाइटी के अध्यक्ष वेन. बानागाला उपतिस्स नायक थेरो के नेतृत्व में पूज्य पादरी वर्ग के सदस्यों ने 17 सितंबर को कोलंबो स्थित महाबोधि सोसाइटी में श्रीमठ अनागारिक धर्मपाल की 162वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 76वें जन्मदिन पर आशीर्वाद दिया.”
इससे पहले भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर गुरुवार को दुनिया के कई देशों से बधाई संदेश आए हैं. इसी लिस्ट में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का नाम भी शामिल है. इजरायली पीएम ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी.
इजरायली पीएम ने विश्व स्तर पर भारत की बढ़ती भूमिका का श्रेय उन्हें दिया. पीएम नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “जन्मदिन मुबारक हो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी. आपके नेतृत्व ने भारत को एक वर्ल्ड पावर बना दिया है. हमने मिलकर दो महान लोकतंत्र के बीच एक ऐसी साझेदारी बनाई है जो पहले कभी नहीं हुई. इजरायल और भारत की दोस्ती इतनी मजबूत कभी नहीं रही और हम मिलकर इसे और भी ऊंचाइयों पर ले जाएंगे. मैं आपके लिए कई और सालों तक नेतृत्व, सेहत और संतुष्टि की कामना करता हूं.”
इससे पहले डोमिनिका के प्रधानमंत्री रूजवेल्ट स्केरिट ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “कॉमनवेल्थ ऑफ डोमिनिका की सरकार और यहां के लोगों की ओर से मैं प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई देता हूं. आने वाला साल आपके लिए अच्छा स्वास्थ्य और भारत के लोगों की सेवा में जुटे रहने के लिए निरंतर शक्ति प्रदान करे.”
–
केके/डीकेपी