कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में ‘खोज-ए-ब्रज’ प्रोजेक्ट के लिए एमओयू साइन, मुरली मनोहर जोशी ने ‘मोहन भागवत’ किताब का किया विमोचन

नई दिल्ली, 17 सितंबर . दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में ‘खोज-ए-ब्रज’ प्रोजेक्ट के लिए एमओयू साइन करने का कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ‘मोहन भागवत’ नाम की पुस्तक का विमोचन भी किया.

‘खोज-ए-ब्रज’ प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य ब्रज क्षेत्र के इतिहास, संस्कृति और पुरातत्व का विस्तार से अध्ययन करना, उसे संरक्षित करना और बढ़ावा देना है. इस प्रोजेक्ट के तहत ब्रज इलाके के प्राचीन ग्रंथों, साहित्य और सांस्कृतिक धरोहरों पर शोध किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी को अपने इतिहास और विरासत के बारे में गहराई से जानकारी मिल सके.

इस अवसर पर भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी ने समाचार एजेंसी से बातचीत करते हुए इस पहल की सराहना की. उन्होंने कहा, “यह बहुत अच्छा कार्यक्रम है. ऐसा जरूर होना चाहिए. हमारे देश में अभी भी ऐसे कई महत्वपूर्ण संस्थानों के बारे में लोगों को पता नहीं है. यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हम देश की विरासत के बारे में बहुत कम जानते हैं.”

जोशी ने कहा कि हमें अपने साहित्य और देश के लिए योगदान देने वाले महान व्यक्तित्वों के बारे में सीमित ज्ञान है. उन्होंने कहा, “हमारे देश में जो महापुरुष हुए हैं, उसके बारे में जानकारी कम है, लेकिन अगर ऐसे संस्थान आज काम करेंगे तो यह काम आगे बढ़ेगा और शोध भी आगे बढ़ेगा. दुनिया भर में इस तरह के ज्यादातर काम ऐसी संस्थाओं के माध्यम से होते हैं, सरकारें ये गतिविधियां नहीं करतीं, लोग योगदान करते हैं और शोधकर्ता इस कार्य को अंजाम देते हैं.”

वरिष्ठ नेता ने जोर देकर कहा कि भारत की सांस्कृतिक जड़ों को समझने के लिए ब्रज क्षेत्र का अध्ययन बेहद जरूरी है. ब्रज केवल धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि साहित्य, संगीत और कला का भी केंद्र रहा है. ऐसे में ‘खोज-ए-ब्रज’ जैसा प्रोजेक्ट इस विरासत को संरक्षित करने में अहम भूमिका निभाएगा.

इससे पहले मुरली मनोहर जोशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन की बधाई दी थी. उन्होंने पोस्ट में लिखा, “चिरंजीवी भव: जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं.”

कार्यक्रम में इतिहासकार, शोधार्थी और संस्कृति से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. आयोजकों ने बताया कि एमओयू के बाद जल्द ही ब्रज क्षेत्र में फील्ड रिसर्च और दस्तावेजीकरण का काम शुरू किया जाएगा.

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष कुंवर बासित अली कहते हैं, “जिस तरह से पीएम मोदी ने 25 साल जनसेवा और देश व राज्यों की सेवा में बिताए हैं, ऐसा लगता है जैसे कोई फरिश्ता काम कर रहा हो. चाहे गरीबों का कल्याण हो, महिलाओं का उत्थान हो, बच्चों की चिंता हो, सड़कें हों या सुरक्षा… देश के प्रधानमंत्री… ऐसा नहीं लगता कि वह देश के प्रधानमंत्री हैं. ऐसा लगता है जैसे वह परिवार के कोई बड़े सदस्य हों, जो अपने घर-परिवार का ख्याल रखते हैं.”

एससीएच/डीकेपी