
नई दिल्ली, 17 सितंबर . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन के अवसर पर देश-दुनिया से बधाई संदेश मिले. इसके लिए प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर सभी का आभार व्यक्त किया और कहा कि आइए हम सभी मिलकर विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें.
17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन है. इस मौके पर एनडीए की तरफ से ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया गया. देश के कोने-कोने में लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और संवैधानिक पद पर रहते हुए 25 साल पूरे करने पर ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए.
जन्मदिन के मौके पर मिली शुभकामनाओं के जवाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा कि हर तरफ से मिली शुभकामनाओं, स्नेह और आशीर्वाद के लिए मैं दिल से आभार व्यक्त करता हूं. प्यार भरे हर शब्द की मैं बहुत कद्र करता हूं और इनसे मुझे अपने लोगों की सेवा करने की नई ताकत मिलती है.
पीएम मोदी ने आगे लिखा कि मैं उन सभी लोगों की भी सराहना करता हूं जो दिन भर सेवा कार्यों में लगे रहे. आइए, हम सब मिलकर ‘विकसित भारत’ का निर्माण जारी रखें.
इसके साथ ही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर दुनिया भर के नेताओं और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों से शुभकामनाएं मिलीं. इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने डोमिनिका, इटली और भूटान के प्रधानमंत्रियों के साथ-साथ विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस को धन्यवाद दिया.
डोमिनिका के प्रधानमंत्री रूजवेल्ट स्केरिट की शुभकामनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए पीएम मोदी ने कहा, “प्रधानमंत्री स्केरिट, आपकी हार्दिक शुभकामनाओं और डोमिनिका की सरकार तथा वहां की जनता की सद्भावनाओं के लिए धन्यवाद. भारत हमारे घनिष्ठ मित्रतापूर्ण संबंधों को बहुत महत्व देता है.”
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को धन्यवाद देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “प्रधानमंत्री मेलोनी, आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद. भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए मैं हमारे घनिष्ठ सहयोग को आगे बढ़ाने का इच्छुक हूं.”
भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे के संदेश पर पीएम मोदी ने कहा, “प्रधानमंत्री टोबगे, आपकी शुभकामनाओं और स्नेहपूर्ण शब्दों के लिए धन्यवाद. मैं आपकी भावनाओं और शुभेच्छाओं की गहराई से सराहना करता हूं.”
वहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस को जवाब देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, “डॉ. टेड्रोस, आपकी शुभकामनाओं और स्नेहपूर्ण शब्दों के लिए धन्यवाद. ब्रिक्स नेताओं के शिखर सम्मेलन के दौरान आपसे मुलाकात कर खुशी हुई. वैश्विक स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में हमारी साझा प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग जारी रहेगा.”.
–
एएमटी/डीकेपी