
रांची, 18 सितंबर . झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन को शुक्रवार को अचानक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बाद रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. उन्हें सांस लेने में दिक्कत की शिकायत है. चिकित्सकों की टीम उनका उपचार कर रही है और लगातार निगरानी रखी जा रही है.
अस्पताल के चिकित्सकों के मुताबिक, जांच में छाती में संक्रमण की पुष्टि हुई है. फिलहाल, उनकी हालत नियंत्रण में बताई जा रही है. रूपी सोरेन पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही हैं और उनका इलाज चल रहा है. वह दो दिन पहले ही बेंगलुरु से इलाज और स्वास्थ्य जांच कराने के बाद रांची लौटी थीं. उनके साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी बेंगलुरु गए थे. रांची लौटने के बाद शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दोबारा अस्पताल ले जाना पड़ा.
बताया गया कि गुरुवार देर शाम से ही उन्हें सांस लेने में परेशानी महसूस हो रही थी. शुक्रवार को परेशानी बढ़ने के बाद परिजनों ने उन्हें हिल व्यू अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने तत्काल उनका इलाज शुरू किया और जरूरी निगरानी में रखा. रूपी सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर परिवार की ओर से फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.
अस्पताल में उनके उपचार के साथ उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. आने वाले समय में चिकित्सकों की ओर से जारी मेडिकल अपडेट के बाद उनकी स्थिति को लेकर और जानकारी मिल सकती है. रूपी सोरेन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक अध्यक्ष शिबू सोरेन की पत्नी हैं. उनकी तबीयत बिगड़ने और अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी सामने आने के बाद परिवार के करीबी लोगों और शुभचिंतकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.
फिलहाल, अस्पताल प्रबंधन के अनुसार उनकी हालत नियंत्रण में है और चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है.
–
एसएनसी/डीकेपी